
बिना दर्शकों के महाराष्ट्र में खेले जायेंगे आईपीएल मैच
महाराष्ट्र कैबिनेट ने यह प्रपोजल बुधवार को राज्य की कैबिनेट टीम के सामने रखा जिस पर राज्य सरकार जल्द ही विधानसभा में पेश कर चर्चा करेगी और फिर इस पर बयान भी जारी किया जायेगा। उल्लेखनीय है मंगलवार को कोरोना वायरस-19 के 5 मरीजों की पहचान होने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने आईपीएल के आयोजन को लेकर चर्चा की।
कैबिनेट मीटिंग में पेश हुए इस प्रस्ताव पर बात करते हुए महाराष्ट्र के वरिष्ठ मंत्री ने कहा, 'हम कोरोना वायरस को महामारी बनने से रोकने के लिये सभी तरह की सावधानियां बरतना चाहते हैं। हमने फैसला किया है कि राज्य में अब से कभी भी बड़ी संख्या में लोगों को एकत्रित होने की इजाजत नहीं होगी। इसके साथ ही हमारी लोगों से अपील है कि वह भी किसी भीड़ वाली जगह पर एकत्रित होने से बचें। कैबिनेट मीटिंग में आईपीएल पर चर्चा हुई और साथ ही फैसला लिया गया कि आईपीएल टूर्नामेंट को तभी इजाजत मिलेगी, जब दर्शकों को टिकट नहीं बेची जाएंगी।'

बीसीसीआई को बिना दर्शक मैच कराने में परेशानी नहीं
गौरतलब है कि आईपीएल 2020 की शुरुआत 29 मार्च से होगी जिसका पहला मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाना है। ऐसे में महाराष्ट्र सरकार के एक अन्य मंत्री ने दावा किया है कि महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले से बीसीसीआई को कोई परेशानी नहीं है।
उन्होंने कहा, 'राज्य को बताया गया था कि बीसीसीआई को इसमें कोई परेशानी नहीं है अगर आईपीएल मैचों की टिकट ना बेची जाएं तो। आईपीएल की कमाई ज्यादातर दूसरे सोर्स जैसे टेलीविजन पर लाइव टेलीकास्ट, वेबसाइट और विज्ञापन के जरिए होती है, जो इस साल मदद करेंगी। उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने इस बारे में स्टेट कैबिनेट को जानकारी दी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।'

स्वास्थ्य मंत्री ने दी थी आयोजन स्थगित करने की सलाह
आपको बता दें कि महाराष्ट्र कैबिनेट के इस फैसले से पहले राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने आईपीएल के आयोजन को स्थगित करने की मांग की थी। उनका मानना है कि देश भर में कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए आईपीएल को बाद में आयोजित कराना चाहिये।
टोपे ने कहा था, 'जब बड़ी संख्या में लोग एक जगह जमा होते हैं तो संक्रामक बीमारियों के तेजी से फैलने की आशंका रहती है। ऐसे (आईपीएल) आयोजनों के लिए यह सही समय नहीं है। इसे बाद में आयोजित किया जाना चाहिए।'

गांगुली का आईपीएल स्थगित करने से इंकार, कहा- ऑन है आईपीएल
इससे पहले बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा था कि आईपीएल का आयोजन तय तारीख पर होगा और कोरोना वायरस से निपटने के लिए हर सम्भव कदम उठाए जाएंगे।
गांगुली ने इस संबंध में पूछे गए सवाल पर साफ कर दिया कि आईपीएल 'ऑन' है और बोर्ड टूर्नामेंट के सुचारू आयोजन को लेकर हर जरूरी कदम उठाने को तैयार है।


Click it and Unblock the Notifications
