नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का पहले क्वलिफायर मैच दुबई के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर खेला गया जहां पर मौजूदा चैम्पियन मुंबई इंडियंस की टीम ने अपनी टॉप फॉर्म को जारी रखा और दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 57 रनों से हराकर छठी बार फाइनल में जगह बनाने का काम किया। मुंबई के लिये भले ही उसके कप्तान रोहित शर्मा फॉर्म से जूझते नजर आ रहे हों लेकिन उसकी टीम के गेंदबाज और बल्लेबाज जबरदस्त फॉर्म में है और यही कारण है कि उसकी टीम ने रोहित की गैरमौजूदगी में भी जीतना जारी रखा और फाइनल में पहुंच गई।
दिल्ली के खिलाफ खेले गये प्लेऑफ मैच में पहले मुंबई के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया लेकिन गेंदबाजों ने दिल्ली की टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। खासतौर से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने, जिन्होंने दिल्ली के खिलाफ इस मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और महज 14 रन देकर दिल्ली के 4 अहम खिलाड़ियों का विकेट हासिल किया।
और पढ़ें: IPL Eliminator 2020: वॉर्नर ने जीता टॉस पहले बल्लेबाजी करेगी आरसीबी, जानें कैसी है टीम
अपने इस प्रदर्शन के चलते जहां जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर से पर्पल कैप हासिल कर ली तो वहीं उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया। इसके साथ ही बुमराह ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। जसप्रीत बुमराह इस सीजन अब तक खेले गये 14 मैचों में 27 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जिसके साथ ही वह आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले भारतीय गेंदबाज बन गये हैं।
जसप्रीत बुमराह ने इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने के लिये तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ने का काम किया जिन्होंने 2017 में एक सीजन में 26 विकेट लेने का कारनामा किया था। वहीं इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हरभजन सिंह और जयदेव उनादकट को नाम 24 विकेट के साथ है। हरभजन सिंह ने यह कारनामा 2013 में किया था तो वहीं उनादकट ने 2017 में यह रिकॉर्ड हासिल किया।
और पढ़ें: जब पाकिस्तानी क्रिकेटर के कहने पर सहवाग ने गाया गाना, सामने आया पुराना किस्सा
इस दौरान जसप्रीत बुमराह ने दिल्ली के खिलाफ अपने टी20 करियर का बेस्ट स्पेल फेंकते हुए कगिसो रबाडा से एक बार फिर पर्पल कप अपने सिर पर लेने का काम किया। इस दौरान बुमराह ने एक मेडन ओवर फेंका और एक ओवर में दो विकेट लेने का काम किया।
वहीं मुंबई के लिये जसप्रीत बुमराह के अलावा तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने भी शानदार गेंदबाजी की और 2 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट हासिल किये। वहीं क्रुणाल पांड्या ने भी मुंबई की तरफ से किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 22 रन देकर ऋषभ पंत का विकेट अपने नाम किया। मुंबई ने दिल्ली के खिलाफ मिली जीत के साथ ही आईपीएल 2020 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।