DC vs RR: फॉर्म में होने के बावजूद क्यों नहीं खेले क्रिस मॉरिस-एविन लुईस, संगाकारा ने बताया कारण
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का दूसरा लेग यूएई में खेला जा रहा है, जिसका 36वां मैच अबुधाबी के मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस मैच में 33 रनों से जीत हासिल की और प्लेऑफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गई है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 154 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम ने शानदार गेंदबाजी की और राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों को चेज करने का मौका ही नहीं दिया।
और पढ़ें: DC vs RR: राजस्थान को हराकर प्लेऑफ में पहुंची दिल्ली कैपिटल्स, बेकार गई संजू सैमसन की कप्तानी पारी
राजस्थान के लिये संजू सैमसन अकेले ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने नाबाद 70 रनों की पारी खेलकर एक छोर संभाले रखा लेकिन दूसरे बल्लेबाजों से साथ नहीं मिला, जिसके चलते राजस्थान की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 121 रन ही बना सकी और दिल्ली ने 33 रनों से जीत हासिल की। इस मैच में राजस्थान की टीम ने टॉस जीतकर जब टीम का ऐलान किया तो सभी हैरान रह गये क्योंकि इस मैच में टीम के इन फॉर्म बल्लेबाज एविन लुईस और क्रिस मॉरिस को जगह नहीं दी गई थी।
और पढ़ें: 'घायल महसूस करना चाहिये हमें', CSK से मिली हार के बाद ड्रेसिंग रूम में जानें क्या बोले कोहली

गौतम गंभीर ने फैसले पर जताई हैरानी
राजस्थान की टीम ने एविन लुईस की जगह इस मैच में डेविड मिलर को खिलाया तो वहीं क्रिस मॉरिस की जगह तबरेज शम्सी को जगह मिली। उल्लेखनीय है कि पंजाब के खिलाफ खेले गये पिछले मैच में लुईस ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए जबरदस्त शुरुआत दी थी, तो वहीं पर क्रिस मॉरिस टीम के सबसे महंगे और अहम खिलाड़ियों की लिस्ट में शुमार हैं। उनके टीम में शामिल न होने के फैसले ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को भी हैरान कर दिया।
स्टार स्पोर्टस के साथ कॉमेंट्री करते हुए उन्होंने कहा,'राजस्थान के इस फैसले ने मुझे पूरी तरह से हैरान कर दिया है। राजस्थान की टीम को जीत की दरकार है। मुझे नहीं पता कि कारण क्या है, हो सकता है चोट वजह बना हो, मोरिस राजस्थान के सबसे बड़े खिलाड़ी हैं और इन दोनों का शामिल न होना टीम के लिये झटका है। वह क्यों नहीं खेल रहे हैं इसकी वजह जो भी हो पर टीम के लिये झटका है।'

संगाकारा ने बताया बाहर होने का कारण
उल्लेखनीय है कि मैच के दौरान राजस्थान की टीम के डायरेक्टर कुमार संगाकारा ने दोनों खिलाड़ियों के मैच में उपलब्ध न होने के पीछे कारण बताया।
उन्होंने कहा,'पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गये मैच में दोनों खिलाड़ियों को थोड़ी सी चोट आयी है जिसके चलते उन्हें इस मैच के लिये आराम दिया गया है। हालांकि वह अगले मैच के लिये पूरी तरह से फिट होकर जरूर वापसी करेंगे।'

लुईस ने खेली थी विस्फोटक पारी, मॉरिस निभाते हैं अहम रोल
गौरतलब है कि वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज इविन लुईस ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 36 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर राजस्थान को अच्छी शुरुआत दिलाई थी, तो वहीं पर क्रिस मॉरिस ने निचले क्रम में आकर अहम पारी खेलकर टीम को सम्मानजनकर स्कोर तक पहुंचाया। वहीं पर मॉरिस गेंदबाजी में भी टीम के लिये काफी अहम साबित होते हैं।
आपको बता दें कि राजस्थान रॉयल्स की टीम फिलहाल 8 अंकों के साथ छठे पायदान पर काबिज है और प्लेऑफ में जगह बनाने के लिये उसे बचे हुए 5 मैचों में से 4 में जीत हासिल करनी है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
