नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के चलते इन दिनों लगभग सबकुछ ठप्प हो गया है। इसका अच्छा खासा प्रभाव खेल जगत पर भी देखने को मिला है। इस महामारी के चलते न सिर्फ जारी खेल आयोजनों को रद्द करना पड़ा बल्कि आगामी कुछ महीनों में होने वाले टूर्नामेंट को भी स्थगित या रद्द करना पड़ रहा है। मार्च में भारत के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलने आई दक्षिण अफ्रीका की टीम को इस बीमारी के चलते श्रृंखला को रद्द करके वापस जाना पड़ा था, जिसके बाद भारत में आयोजित होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग को भी अनिश्चितकालीन समय तक के लिये टाल दिया गया।
इस टूर्नामेंट में दुनिया भर के खिलाड़ी हिस्सा लेने वाले थे लेकिन इस महामारी के चलते सभी इस वक्त लॉकडाउन में समय बिता रहे हैं। इस बीच क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने एक और द्विपक्षीय सीरीज को रद्द करने का ऐलान किया।
और पढ़ें: कोरोना वायरस से लड़ने के लिये अपने खास बल्ले को नीलाम कर रहे हैं मुश्फिकुर रहीम
साउथ अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को एक प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि जून में प्रस्तावित टीम का श्रीलंका दौरा रद्द किया जा रहा है। इस दौरे के तहत दक्षिण अफ्रीका की टीम को 3 वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज खेलने के लिये जून के पहले हफ्ते में श्रीलंका जाना था।
इस बात की पुष्टि करते हुए क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी डॉ जैक फाउल ने कहा ,'हमारी टीम लॉकडाउन के कारण तैयारी नहीं कर सकी है । इसके अलावा खिलाड़ियों की सेहत हमारे लिये सबसे ऊपर है। हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि मजबूरीवश हमें यह फैसला लेना पड़ रहा है। हम श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के साथ जल्द ही इस दौरे की नई तारीखों पर बात करेंगे।'
और पढ़ें: युवराज सिंह ने 18 साल बाद किया खुलासा, लॉर्डस में गांगुली के अलावा इस खिलाड़ी ने उतारी थी टी-शर्ट
इसके साथ ही सीएसए प्रमुख ने इस बात को भी स्वीकार किया कि दौरा रद्द करने का असर साल के अंत में आयोजित होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारियों पर भी देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा ,'यह खिलाड़ियों के लिये निराशाजनक है क्योंकि यह दौरा टी20 विश्व की तैयारी के लिये अच्छा मौका था।'
और पढ़ें: लक्ष्मण के बाद अब गावस्कर ने उठाये विजडन अवॉर्डस पर सवाल, रोहित का नाम नहीं होने पर लताड़ा
आपको बता दें कि इस महामारी के चलते अब तक दुनिया भर में 24 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण का शिकार हो चुके हैं जबकि 1 लाख 65 हजार से ज्यादा लोग मौत का शिकार हो चुके हैं।