
कुक-एंडरसन की खास लिस्ट में शामिल हुए ब्रॉड
इस मैच में उतरने के साथ ही स्टुअर्ट ब्रॉड ने टेस्ट क्रिकेट की बहुत बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। ब्रॉड टेस्ट क्रिकेट में तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन और एलिस्टर कुक के बाद यह कारनामा करने वाले तीसरे गेंदबाज बने हैं। इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में अब तक डेढ़ सौ से ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में स्टुअर्ट ब्रॉड तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। इस फेहरिस्त में एलिस्टर कुक 161 मैचों के साथ दूसरे पायदान पर काबिज हैं जबकि जेम्स एंडरसन 167 मैचों के साथ सबसे टॉप पर जमे हुए हैं।
ओवरऑल आंकड़ों की बात करें तो स्टुअर्ट ब्रॉड यह कारनामा करने वाले दसवें खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब उसके कप्तान पैट कमिंस कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने की वजह से इस मैच से बाहर हो गए, फिलहाल वह 7 दिनों के लिए क्वारंटीन में है। ऐसे में टीम के उप कप्तान स्टीव स्मिथ इस मैच की कमान संभाल रहे हैं जबकि ट्रैविस हेड उप कप्तानी का जिम्मा उठा रहे हैं।

शतक लगाने से फिर चूके डेविड वॉर्नर
गौरतलब है कि एडिलेड के मैदान पर खेले जा रहे इस पिंक बॉल टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही लेकिन डेविड वॉर्नर और मार्नस लाबुशेन की अर्धशतकीय पारियों के दम पर कंगारू टीम वापसी करने में सफल रहे। दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 172 रन की साझेदारी की जिसे तोड़ने का काम बेन स्टोक्स ने किया। गाबा टेस्ट मैच में 94 रन पर अपना विकेट खोने वाले डेविड वॉर्नर इस मैच में भी शतक लगाने से चूके और 95 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवा कर वापस लौटे।

95 रन पर लाबुशेन को मिला जीवनदान
वहीं पर मार्नस लाबुशेन (नाबाद 95) और स्टीव स्मिथ (18) ने दिन का खेल खत्म होने तक तीसरे विकेट के लिए नाबाद 45 रनों की साझेदारी कर ली है। लाबुशेन इस वक्त नाबाद 95 रन बनाकर खेल रहे हैं और धीरे-धीरे शतक की ओर बढ़ रहे हैं। आपको बता दें कि इंग्लैंड के पास लाबुशेन का विकेट लेने का भी मौका था लेकिन 95 रन के स्कोर पर जोस बटलर के आसान सा कैच ड्रॉप कर देने की वजह से उन्हें जीवनदान मिला। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 2 विकेट खोकर 221 रन बना लिए हैं और धीरे धीरे इस मैच पर अपनी पकड़ को मजबूत किया है।


Click it and Unblock the Notifications