Ashes 2021-22: एडिलेड टेस्ट में क्यों ब्लैक ऑर्म बैंड पहन कर उतरे खिलाड़ी
नई दिल्ली। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली एशेज टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच एडिलेड के मैदान पर खेला जा रहा है, जिसका आयोजन डे-नाइट प्रारूप में पिंक बॉल से हो रहा है। सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर चुकी ऑस्ट्रेलिया की टीम एडिलेड में खेले जा रहे इस मैच में शिकंजा कसती नजर आ रही है और पहले दो दिन के सभी सेशन को अपने नाम करने में कामयाब रही है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने इससे पहले गाबा के मैदान पर खेले गये मैच में 9 विकेट से जीत हासिल की थी, जिसके बाद जब पिंक बॉल टेस्ट में वह पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिये विकेट हासिल करना मुश्किल हो गया।
और पढ़ें: अश्विन ने बताया कौन है स्पिन के खिलाफ भारत का बेस्ट विकेटकीपर, धोनी,साहा या फिर कार्तिक
पहले दो दिन का खेल समाप्त होने के बाद फैन्स की नजरें सिर्फ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों पर ही रही जिन्होंने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से सभी का मनोरंजन किया, हालांकि इस दौरान फैन्स की नजरें एक और चीज पर रही जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। पिंक बॉल टेस्ट के पहले दिन इंग्लिश खिलाड़ी ब्लैक आर्म बैंड पहने नजर आये तो वहीं पर एडिलेड टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी, इसे देखते हुए सभी के अंदर यह जानने की इच्छा हो रही है कि किस वजह से यह खिलाड़ी ब्लैक आर्म बैंड पहनकर मैदान पर उतरे हैं। आइये हम आपको इसका जवाब देते हैं-

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने क्यों पहना ब्लैक आर्म बैंड
पिंक बॉल टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ब्लैक आर्म बैंड पहनकर खेलते हुए नजर आये। उल्लेखनीय है कि खेल में जब भी खिलाड़ी ब्लैक आर्म बैंड पहनकर उतरते हैं तो इसका मतलब या तो वो किसी की याद और सम्मान में किया गया जेस्चर है या फिर किसी बात के प्रति अपना विरोध जताने का अप्रत्यक्ष तरीका। हालांकि पिंक बॉल टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने यह आर्म बैंड बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के नॉर्थ वेस्ट तस्मानिया में हुई दुर्भाग्यपूर्ण जम्पिंग कैसल घटना को लेकर बांधा था।
इस दुर्घटना में बुधवार (16 दिसंबर) को जम्पिंग कैसल में घूम रहे कई बच्चे तेज हवा का शिकार हो गये और 10 मीटर की ऊंचाई से उड़कर गिरने के बाद 5 बच्चों की मौत हो गई। इस दौरान 5-6 साल की उम्र के कई बच्चे चोटिल होकर अस्पताल में भर्ती हैं और कई बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यह बच्चे जम्पिंग कैसल में अपने प्राइमरी स्कूल का आखिरी दिन सेलिब्रेट करने के लिये पहुंचे थे। तेज हवा के चलते इस दुर्घटना होने वाली इस घटना में कुल कितने बच्चे मौजूद थे, इसको लेकर अभी तक कुछ साफ नहीं है।

पूर्व क्रिकेटर की याद में इंग्लिश खिलाड़ियों ने पहना था ब्लैक बैंड
वहीं इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने पिंक बॉल टेस्ट मैच के पहले दिन ब्लैक आर्मबैंडस पहने थे जिसके पीछे का कारण इंग्लैंड की पूर्व महिला क्रिकेटर और दायें हाथ की मीडियम पेसर एलीन एश को सम्मान देना था। इंग्लैंड की पूर्व महिला क्रिकेटर एलीन एश ने अपने करियर के दौरान 7 टेस्ट मैचों में शिरकत की थी और 10 विकेट भी अपने नाम किये थे और बल्लेबाजी में 38 रन का भी योगदान दिया था। एश टेस्ट क्रिकेट की सबसे उम्रदराज खिलाड़ी थी, जिनका निधन 3 दिसंबर 2021 को 110 साल की उम्र में हुआ। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने अपनी इस दिग्गज खिलाड़ी को सम्मान देने के लिये यह फैसला लिया और पिंक बॉल टेस्ट के पहले दिन सभी खिलाड़ी उन्हीं की याद में ब्लैक आर्म बैंड पहने नजर आये।

पिता की याद में बेन स्टोक्स ने पहना था आर्मबैंड
इससे पहले 8 दिसंबर को गाबा के मैदान पर इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स भी ब्लैक आर्म बैंड पहने नजर आये थे। बेन स्टोक्स ने यह ब्लैक आर्मबैंड अपने पिता गेड स्टोक्स के सम्मान में पहना था जिनका निधन 8 दिसंबर 2020 को हुआ था। इस दौरान बेन स्टोक्स के आर्मबैंड पर 568 नंबर भी लिखा था जिसको पीछे का कारण पूछा जा रहा था। दरअसल यह बेन स्टोक्स के पिता की उस कैप का नंबर है जब वो 1982 में न्यूजीलैंड के लिये रग्बी लीग खेलने उतरे थे।
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने मार्नस लाबुशेन (103), डेविड वॉर्नर (95), स्टीव स्मिथ (93) और एलेक्स कैरी (51) की पारियों के दम पर 473 रनों का स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने इस दौरान सिर्फ 9 विकेट ही खोये थे और दूसरे दिन के तीसरे सेशन में गेंदबाजों को फायदा देने के लिये पारी घोषित कर दी। इंग्लैंड के लिये उसके सलामी बल्लेबाज लगातार तीसरी पारी में अच्छी शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे। इंग्लैंड की टीम ने महज 12 रन के स्कोर पर अपने दोनों ओपनर्स खो दिये और दिन का खेल खत्म होने तक 17/2 के स्कोर तक ही पहुंच सकी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications