नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) के बीच खेली जा रही 4 मैचों की बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज (Border Gavaskar Test Series) का पहला मैच एडिलेड के मैदान पर खेला गया। एडिलेड के मैदान पर खेले गये इस मैच में भारतीय टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा और दूसरी पारी में वह टेस्ट इतिहास के अपने न्यूनतम स्कोर 36 रन पर सिमट गई थी। इस हार के बाद भारतीय टीम को बुरी तरह से आलोचनाओंं का सामना करना पड़ा चूंकि इस मैच में पहले दो दिन भारतीय टीम ने कब्जा जमाया हुआ था। वहीं भारतीय टीम को अब सीरीज का दूसरा मैच 26 दिसंबर से मेलबर्न के मैदान पर खेला जाना है।
उल्लेखनीय है कि इस मैदान पर भारतीय टीम के इतिहास और रिकॉर्ड पर नजर डालें तो मेलबर्न (Melbourne) के मैदान पर उसकी टीम का वापसी करने के चांसेज ज्यादा बेहतर है। भारतीय टीम जब पिछली बार 2018 में ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर थी तो भारतीय टीम ने इसी मैदान पर बॉक्सिंग डे टेस्ट (Boxing Day Test) मैच खेला था और यहां पर उसने 137 रनों से जीत दर्ज की थी।
और पढ़ें: AUS vs IND: तीसरे टेस्ट मैच से भी बाहर हो सकते हैं डेविड वॉर्नर, सिडनी ने दिया खास ऑफर
भारतीय टीम ने जनवरी 1948 में इस मैदान पर अपना पहला टेस्ट मैच खेला था जिसमें कंगारू टीम ने उस पर 233 रनों से जीत दर्ज की थी। वहीं भारत ने फरवरी 1948 में खेले गये दूसरे मैच में पारी और 177 रन से हार का सामना किया। वहीं जनवरी 1968 में खेले गये मैच में ऑस्ट्रेलिया ने इसी मैदान पर भारतीय टीम को पारी और चार रन से हराया था।
वहीं भारतीय टीम ने जनवरी 1978 में ऑस्ट्रेलिया को मेलबर्न के मैदान पर 222 रनों से हराकर पहली जीत हासिल की, जबकि फरवरी 1981 में खेले गये मुकाबले में 59 रनों से जीत हासिल की थी। दिसंबर 1985 में खेले गये मुकाबले में मैच ड्रॉ रहा तो दिसंबर 1991 में ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट से जीत हासिल की थी।
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दिसंबर 1999 में भारतीय टीम को 180 रनों से हराया तो वहीं दिसंबर 2003 में 9 विकेट से हराने का काम किया। दिसंबर 2007 में ऑस्ट्रेलिया ने 337 रन और 2011 में 122 रनों से जीत हासिल की। वहीं 2014 में खेला गया मुकाबला ड्रॉ रहा था तो वहीं 2018 में भारतीय टीम ने 137 रनों से जीत हासिल की थी।
और पढ़ें: ICC ने जारी की साल की आखिरी T20 Rankings, विराट-सेफर्ट को फायदा, टॉप 10 में साउदी
भारतीय टीम ने इस मुकाबले में चेतेश्वर पुजारा की शतकीय पारी की बदौलत 443 रन बनाकर पारी घोषित की, वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम 151 रनों पर लुढ़क गई, वहीं भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 8 विकेट पर 106 रन बनाकर घोषित की और ऑस्ट्रेलिया के सामने 399 रनों का लक्ष्य दिया।
जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 261 रन ही बना सकी और भारतीय टीम के लिये जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ने शानदार गेंदबाजी की। वहीं भारतीय टीम के लिये खास बात यह है कि उसके हरफनमौला खिलाड़ी रविंद्र जडेजा भी इस मैदान पर वापसी करने वाले हैं। ऐसे में भारतीय टीम जबरदस्त वापसी कर सकता है।