
जडेजा ने बताया कैसे किया कंगारुओं को आउट
मैच के बाद जब जडेजा (Ravindra Jadeja) से उनकी गेंदबाजी और पिच से मदद को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि पिच से कोई टर्न नहीं मिल रहा था लेकिन इसके बावजूद वह विकेट लेने में कामयाब रहे क्योंकि उन्होंने न सिर्फ गेंद की रफ्तार में बदलाव किया बल्कि अलग एंगल्स का भी ध्यान रखा।
अपनी स्ट्रैटेजी के बारे में बात करते हुए जडेजा (Ravindra Jadeja) ने कहा,' प्लान बिल्कुल साफ था कि ऑस्ट्रेलिया के दबाव बनाने से पहले हमें उन पर दबाव बनाना था। यह वो विकेट नहीं था जिस पर आपको हर ओवर में मौका मिले और यहां पर टर्न भी नहीं है, यही कारण है कि आपको अपनी गेंद की रफ्तार में बदलाव करते रहना होता है। मुझे एंग्लस का चुनाव भी समझदारी से करना पड़ा और उसी का फायदा हमें मिला।'

बल्ले से भी कमाल कर रहे जडेजा
गौरतलब है कि जडेजा (Ravindra Jadeja) ने अपने बल्ले से भी पिछले कुछ समय में टीम में काफी योगदान दिया है और मेलबर्न में 57 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान जब उनसे बल्लेबाजी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वो जरूरत पड़ने पर ओपनिंग करने से भी नहीं हिचकिचायेंगे।
उन्होंने कहा, 'लोगों को लगता होगा कि यह सब पिछले 12-18 महीनों में हुआ है, लेकिन मैंने जब से खेलना शुरू किया है मेरी यही भूमिका रही है। मैं खेल के हर विभाग में अपना योगदान देने की कोशिश करता रहता हूं। हां भारत के बाहर मेरी बल्लेबाजी को ज्यादा महत्व दिया जा रहा है, हालांकि मैं इस बारे में ज्यादा सोच नहीं रहा हूं और हर मौके का फायदा उठाना चाहता हूं।'

टीम के लिये ओपनिंग करना चाहते हैं जडेजा
जडेजा (Ravindra Jadeja) का मानना है कि ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करने से आप पर अधिक जिम्मेदारी आ जाती है और उन्हें अगर ऐसा करने का मौका मिलेगा तो वो पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा, 'अगर आप टॉप ऑर्डर में बैटिंग करते हैं तो अधिक जिम्मेदारी से खेलते हैं और जब आप ऊपरी क्रम के बल्लेबाज के साथ मैदान पर होते हैं तो बात करते हुए ज्यादा आत्म-विश्वास हासिल करते हैं कि हमें क्या करना चाहिये और क्या नहीं। इसके साथ ही आपको प्लान बनाने और उसे लागू करने का काफी समय मिल जाता है। शुरू में अगर मुझे खेलने का मौका मिलता है तो मैं लय में खेलता हूं।'


Click it and Unblock the Notifications
