नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी द्विपक्षीय सीरीज अपने सबसे रोमांचक चरण पर पहुंच गई है और सीमित ओवर्स की सीरीज समाप्त होने के बाद दोनों टीमें अब बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने की तैयारी कर रहे हैं। इस सीरीज का आगाज 17 दिसंबर से एडिलेड के मैदान पर पिंक बॉल से डे-नाइट प्रारूप टेस्ट मैच के साथ होगा। इस मैच की तैयारी के लिये दोनों टीमें इस समय सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर इसी प्रारूप में अभ्यास मैच खेल रही हैं, जिसमें भारतीय टीम का पलड़ा काफी भारी नजर आ रहा है।
3 दिवसीय प्रारूप में खेले जाने वाले इस प्रथम श्रेणी अभ्यास मैच में भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आ रहा है और मैच का दूसरा दिन भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा, जहां पर पहले मयंक अग्रवाल, शुबमन गिल ने अर्धशतकीय पारियां खेली तो वहीं पर हनुमा विहारी और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने शतक जमा कर ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 472 रनों की बढ़त हासिल कर ली।
वहीं मैच के दौरान जब शुबमन गिल बल्लेबाजी कर रहे थे 65 रन के निजी स्कोर पर कैच आउट दिये गये। हालांकि उन्हे दिये जाने को लेकर भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और क्रिकेट कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने सवाल उठाये हैं।
और पढ़ें: 4 महीने बाद बेटे अगस्त्य से मिले हार्दिक पांड्या, पत्नी नताशा ने शेयर किया Video
उल्लेखनीय है कि मिचेल स्वैप्सन की गेंद पर शुबमन ने फ्लिक शॉट खेला गेंद स्लिप में खड़े फील्डर के पास पहुंच गई और सीन एबॉट ने डाइव लगाकर कैच को पकड़ लिया। इस दौरान गेंदबाज ने पहले एलबीडब्ल्यू की अपील की, लेकिन अंपायर ने उन्हे कैच आउट करार दिया।
इसी को लेकर आकाश चोपड़ा ने ट्वीट किया और लिखा,' मुझे समझ नही आया कि अंपायर ने उन्हें कैसे और क्यों आउट दिया। जाहिर है कि वह एलबीडब्ल्यू नहीं थे और स्लिप में उनका कैच पकड़ा गया तो यह बताने के लिये कि गेंद उनके बैट से ही लगी वहां पर कोई सबूत नहीं था।'
गौरतलब है कि अभ्यास मैच के दौरान अंपायर डीआरएस और स्निकोमीटर जैसी टेक्नॉलजी का इस्तेमाल नहीं कर सकते, ऐसे में शुबमन गिल को मजबूरन वापस पवेलियन लौटना पड़ा।
और पढ़ें: IND vs ENG: भारत दौरे पर टीम के साथ नहीं आयेंगे जोस बटलर, पहले 2 टेस्ट मैचों से बाहर, जानें क्यों
आपको बता दें कि भारतीय टीम ने पहली पारी में जसप्रीत बुमराह की नाबाद 55 रनों की पारी की बदौलत 194 रनों का स्कोर खड़ा किया और जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम महज 108 रन पर ऑल आउट हो गई। भारतीय गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और नवदीप सैनी ने 3-3 विकेट हासिल किये तो वहीं बुमराह ने भी 2 विकेट हासिल किये, जबकि मोहम्मद सिराज के खाते में एक विकेट आया।