
गेल ने दिये अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के संकेत
वेस्टइंडीज के लिये एविन लुईस (29) और क्रिस गेल (15) ने पारी का आगाज किया, इस दौरान जब गेल मैदान पर बल्लेबाजी करने के लिये उतर रहे थे तो उनके साथी खिलाड़ियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। क्रिस गेल ने एविन लुईस के साथ पहले विकेट के लिये 30 रनों की साझेदारी की और 9 गेंदो में 2 छक्के लगाकर 15 रनों की पारी खेली। पैट कमिंस ने गेल को बोल्ड कर वेस्टइंडीज को पहला झटका दिया। आउट होने के बाद जब गेल पवेलियन लौटते हुए नजर आये तो उस दौरान भी अपना बल्ला ऊपर उठाकर फैन्स का अभिवादन करते नजर आये। इतना ही नहीं जब कैरिबियाई टीम बल्लेबाजी कर रही थी तो उस दौरान यूनिवर्स बॉस अपने क्रिकेट किट से ग्ल्व्स और बाकी क्रिकेट किट के सामान को फैन्स में बांटते नजर आये।

पहले भी ले चुके हैं संन्यास से यू टर्न
उल्लेखनीय है कि क्रिस गेल ने अभी तक आधिकारिक रूप से संन्यास का ऐलान नहीं किया है लेकिन अबुधाबी के मैदान पर क्रिस गेल ने जितने भी संकेत दिये हैं उससे उनके अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का संकेत मिल रहा है। क्रिस गेल ने 22 सालों तक वेस्टइंडीज के लिये क्रिकेट खेला है और इस दौरान टी20 क्रिकेट के सबसे बड़े और महान बल्लेबाज के रूप में उभरे हैं। वह दुनिया के इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस प्रारूप में 1000 छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया है। क्रिस गेल ने इससे पहले भी संन्यास को लेकर बात कही थी लेकिन वेस्टइंडीज के लिये एक और विश्वकप खेलने की बात कहते हुए रिटायरमेंट लेने से इंकार कर दिया है। हालांकि इस बार लग रहा है कि यूनिवर्स बॉस ने अपना मन बना लिया है।

ड्वेन ब्रावो भी खेल रहे हैं करियर का आखिरी मैच
वहीं वेस्टइंडीज के दूसरे हरफनमौला खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो ने इस मैच से पहले ही अपने संन्यास का ऐलान कर दिया था। श्रीलंका के खिलाफ अपने आखिरी मैच में हार का सामना करने के बाद वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो ने साफ किया था कि टी20 विश्वकप का आखिरी लीग मैच उनके करियर का आखिरी मैच होगा जिसके साथ ही वो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। इसको लेकर ब्रावो को इस मैच के दौरान बल्लेबाजी में प्रमोट किया गया जहां पर उन्होंने 12 गेंदों में एक छक्का लगाकर 10 रनों की पारी खेली। वहीं पर जब गेंदबाजी के लिये टीम उतर रही थी तो उन्हें सभी खिलाड़ियों ने गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया।


Click it and Unblock the Notifications