
माइकल क्लार्क की लिस्ट में 2 भारतीय शामिल
ऑस्ट्रेलिया को विश्व कप जिताने वाले कप्तान माइकल क्लार्क ने अपने करियर के दौरान जिन खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेला उनमें से 7 महान बल्लेबाजों का चयन किया। माइकल क्लार्क ने बिग स्पोर्ट्स ब्रेकफास्ट को दिये एक इंटरव्यू में बात करते हुए इन खिलाड़ियों के नाम का ऐलान किया जिसमें 2 भारतीय समेत, 2 दक्षिण अफ्रीकी, एक ऑस्ट्रेलियाई, एक श्रीलंकाई और एक वेस्टइंडीज खिलाड़ी शामिल है।
माइकल क्लार्क की इस लिस्ट में भारतीय कप्तान विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर का नाम दुनिया महानतम बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल किया गया है।

विराट कोहली शामिल स्टीव स्मिथ बाहर
मौजूदा दौर में महानतम बल्लेबाजों की बात की जाये तो विराट कोहली और स्टीव स्मिथ के नाम के बीच चर्चा होते दिखाई देगी, हालांकि माइकल क्लार्क की इस लिस्ट में विराट कोहली का नाम तो शामिल है लेकिन उनके हमवतन स्टीव स्मिथ का नाम नहीं है। क्लार्क का यह चुनाव लोगों को थोड़ा चौंकाने वाला जरूर है क्योंकि मौजूदा समय में स्टीव स्मिथ टेस्ट रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज हैं, जबकि विराट कोहली का नाम दूसरे नंबर पर काबिज है। हालांकि सीमित ओवरों (वनडे और टी20) की रैंकिंग में स्मिथ टॉप 10 में शामिल नहीं हैं, जबकि विराट वनडे में यहां पहले स्थान पर और टी20 में भी वह टॉप 10 में शुमार हैं।

ऐसी है माइकल क्लार्क की पूरी लिस्ट
इन 2 भारतीय खिलाड़ियों के अलावा माइकल क्लार्क ने अन्य पांच बल्लेबाजों में ब्रायन लारा, रिकी पॉन्टिंग, कुमार संगकारा, जैक कैलिस और अब्राहम डीविलियर्स को चुना है।
क्लार्क ने लिस्ट के बारे में कहा, 'सचिन को आउट करना बहुत मुश्किल था। वह तकनीकी रूप से काफी सक्षम थे। उनके पास कोई कमजोरी नहीं थी। जबकि विराट कोहली तीनों प्रारूपों में बेहतरीन बल्लेबाज हैं। उनका वनडे और टी-20 रिकॉर्ड अद्भुत है और साथ ही उन्होंने टेस्ट में भी अपना दबदबा बनाया है।'


Click it and Unblock the Notifications
