T20 WC में भारतीय गेंदबाजी से खुश नहीं बॉलिंग कोच भरत अरुण, टॉस पर फोड़ा बाहर होने का ठीकरा
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप के 40वें मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है और इसके साथ ही सेमीफाइनल में पहुंचने की भारत की उम्मीदें भी खत्म हो गई हैं। वहीं टी20 विश्वकप के लिये सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमों का फैसला भी हो गया है जिसमें इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीमों ने जगह बनाई है। भारत को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिये अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले मुकाबले का नतीजा मोहम्मद नबी की टीम के पक्ष में आना जरूरी था, हालांकि ऐसा हो नहीं सका और कीवी टीम ने आसानी से 8 विकेट की जीत हासिल कर ली।
और पढ़ें: भारत के बाद अब IPL की नई टीम की कोचिंग कर सकती हैं शास्त्री-अरुण-श्रीधर की तिकड़ी- रिपोर्ट
भारतीय टीम के लिये इस कैंपेन का आगाज अच्छा नहीं रहा और उसे पहले मैच में पाकिस्तान के हाथों 10 विकेट तो वहीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। जिसके बाद भारतीय टीम ने अपने बचे हुए दो मैचों में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन सेमीफाइनल में पहुंचना उसके लिये असंभव हो गया था। अफगानिस्तान की हार के साथ ही भारत और नामिबिया के बीच खेला जाने वाला आखिरी मैच पूरी तरह से डेड रबर बन चुका है, जिसके नतीजे से टूर्नामेंट पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ने वाला है।
और पढ़ें: आखिर क्या होता है नेट रन रेट जिसके चलते WC से बाहर हुई साउथ अफ्रीका, जानें कैसे करते हैं कैलकुलेट

बॉलर्स ने किया औसत से खराब प्रदर्शन
इस दौरान भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने विश्वकप में खेले गये पहले दो मैचों में भारतीय टीम के बॉलर्स की आलोचना की और कहा कि पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ हमारे गेंदबाजी विभाग ने औसत से भी खराब प्रदर्शन किया जिसके चलते ही हम पहले पाकिस्तान के खिलाफ 151 रनों का बचाव नहीं कर सके और न्यूजीलैंड के खिलाफ कोई चुनौती पेश नहीं कर पाये।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारतीय गेंदबाज एक भी विकेट हासिल कर पाने में नाकाम रहे थे और पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिये 17.5 ओवर्स में 152 रनों की नाबाद साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। अरुण का मानना है कि अगर भारतीय गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया होता तो उनके पास इस स्कोर को बचाने का काफी अच्छा मौका होता।

दुबई में टॉस जीतने वाली टीम को मिला फायदा
भरत अरुण के अनुसार टी20 विश्वकप के इस मल्टी नेशन टूर्नामेंट में दुबई की पिच पर रनों का पीछा करने वाली टीम को अच्छी खासी मदद मिली है। इस दौरान भरत अरुण ने पाकिस्तान के सामने भारतीय बल्लेबाजी की कमजोरी को भी स्वीकार किया जो इस मैच में बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही और हार गई।
उन्होंने कहा,'देखिये मैं कोई बहाना नहीं बना रहा हूं लेकिन इस विश्वकप में आपको एक ट्रेंड देखने को मिला है जिसमें टॉस जीतने वाली टीमों को दुबई में खेलते हुए काफी फायदा हुआ है और विकेट यहां पर समय के साथ बल्लेबाजी के लिये आसान होती चली गई। जब टीम दूसरी पारी में गेंदबाजी करने उतरी तो बल्लेबाजों के लिये रन बनाना आसान रहे। यह कोई बहाना नहीं है पर यही सच्चाई है।'

पाकिस्तान के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना चाहिये था
भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच ने आगे बात करते हुए कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि हमें बेहतर प्रदर्शन करना चाहिये था। पहले मैच में हमारे पास रनों का बचाव करने का मौका था लेकिन हमारी गेंदबाजी औसत से भी साधारण रही। भरत अरुण ने इस दौरान टीम के वर्कलोड मैनेजमेंट पर भी बात की और कहा कि अगर आने वाले समय में भारतीय टीम को अच्छा प्रदर्शन करना है तो भारतीय गेंदबाजों के वर्कलोड मैनेजमेंट को प्राथमिकता देते हुए नियमित अंतराल पर ब्रेक देना जरूरी रहेगा।

भविष्य के लिये मेंटल हेल्थ पर रहेगा जोर
गौरतलब है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने हाल ही में लगातार बायोबबल में खेलने से होने वाली मानिसक परेशानी का हवाला देते हुए वर्कलोड मैनेजमेंट पर जोर दिया था। भरत अरुण ने बुमराह की बातों का समर्थन करते हुए खिलाड़ियों की मेंटल हेल्थ को प्राथमिकता देने की बात कही है।
उन्होंने कहा,'भारतीय टीम के लिये वर्कलोड मैनेजमेंट करना जरूरी है और मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा जैसे खिलाड़ियों के आने से यह करने में मदद मिलेगी। हमारे देश में जितना क्रिकेट खेला जाता है वह अपने आप में ही काफी थकाऊ था लेकिन जब से बायोबबल में रहना पड़ रहा है तब से उनके लिये प्रदर्शन आसान नहीं रहा है। खिलाड़ियों को जरूरी ब्रेक देना जरूरी है और आने वाले समय में मेंटल हेल्थ बनाये रखने के लिये यह काफी जरूरी है।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
