भारत के बाद अब IPL की नई टीम की कोचिंग कर सकती हैं शास्त्री-अरुण-श्रीधर की तिकड़ी- रिपोर्ट
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में भारतीय टीम का सफर लगभग समाप्त हो गया है और अब उसे नामिबिया के खिलाफ लीग स्टेज का अपना आखिरी मैच खेलना है। कैंपेन का आगाज करते हुए भारतीय टीम को अपने पहले दो मैचों में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये उसकी राह काफी मुश्किल हो गई। हालांकि भारतीय टीम ने बचे हुए दोनों मैचों में बड़ी जीत हासिल कर नेट रन रेट को काफी बेहतर कर अपनी उम्मीदों को जरूर जिंदा रखा लेकिन अफगानिस्तान की टीम के लिये न्यूजीलैंड को हराना लगभग नामुमकिन रहा है। ऐसे में भारतीय टीम के टी20 विश्वकप में सफर की समाप्ति के साथ ही कई बड़े बदलाव देखने को मिलने वाले हैं।
और पढ़ें: आखिर क्या होता है नेट रन रेट जिसके चलते WC से बाहर हुई साउथ अफ्रीका, जानें कैसे करते हैं कैलकुलेट
टी20 विश्वकप के बाद जहां भारतीय कप्तान विराट कोहली टी20 प्रारूप की कप्तानी छोड़ते नजर आयेंगे तो वहीं पर भारतीय टीम का कोचिंग स्टाफ भी पूरी तरह से बदलता नजर आयेगा। भारतीय टीम के हेड कोच रवि शास्त्री, गेंदबाजी कोच भरत अरुण और फील्डिंग कोच आर श्रीधर का कार्यकाल विश्वकप के साथ ही समाप्त होता नजर आ रहा है, तो वहीं पर बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ को टीम के नये हेड कोच के रूप में शामिल कर लिया है तो वहीं पर अन्य पदों का चयन कुछ समय में कर लिया जायेगा।

अहमदाबाद की फ्रैंचाइजी से जुड़ सकते हैं रवि शास्त्री
इस बीच क्रिकबज की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय टीम की कोचिंग के बाद अब यह कोचिंग तिकड़ी आईपीएल 2022 में शामिल होने वाली अहमदाबाद की नई टीम का हिस्सा बनते नजर आयेंगे, जिसके मालिक सीवीसी कैपिटल ने इस जोड़ी को बतौर कोचिंग स्टाफ शामिल करने में अपनी रूचि दिखाई है।
रिपोर्ट के अनुसार अहमदाबाद की फ्रैंचाइजी आईपीएल 2022 के लिये रवि शास्त्री को हेड कोच के रूप में शामिल करना चाहती है तो वहीं पर भरत अरुण और आर श्रीधर को गेंदबाजी एवं फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी देना चाहते हैं। रिपोर्ट के अनुसार फ्रैंचाइजी ने भारतीय टीम के मौजूदा कोचिंग स्टाफ को अपनी टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी देने के लिये संपर्क करने किया है।

विश्वकप के बाद फैसला लेंगे रवि शास्त्री
हालांकि रिपोर्ट में यह भी साफ किया है कि रवि शास्त्री ने इस पर अभी कोई भी फैसला लेने से इंकार किया है और कहा है कि वह फिलहाल किसी तरह से भी अपने ध्यान नहीं बांटना चाहते, इसी के चलते वह टी20 विश्वकप के बाद इस पर अपना फैसला सुनायेंगे।
गौरतलब है कि आईपीएल 2022 में 8 के बजाय 10 फ्रैंचाइजी टीमें इंडियन प्रीमियर लीग का हिस्सा बनती नजर आयेंगी, जिसके लिये बीसीसीआई ने पिछले महीने ही दो नई टीमों की नीलामी की थी। इस नीलामी के दौरान सीवीसी कैपिटल्स ने अडानी ग्रुप को पछाड़ते हुए अहमदाबाद की टीम के लिये 5625 करोड़ रुपये की बोली लगाई और मालिकाना हक अपने नाम किया। हालांकि टीम का मालिकाना हक लेने के तुरंत बाद ही सीवीसी कैपिटल्स बेटिंग कंपनी में निवेश करने को लेकर निशाने पर आयी और आलोचना का सामना करना पड़ा।

8 साल तक भारतीय खेमे से जुड़कर की कोचिंग
आपको बता दें कि सीवीसी कैपिटल्स एक फर्म है जो कि अलग-अलग कंपनियों में अपना निवेश करती नजर आती है और इसी के तहत इस कंपनी ने यूके की कुछ बेटिंग कंपनियों में निवेश भी किया था। हालांकि बीसीसीआई की ओर से उसे जल्द ही क्लियरेंस दे दी गई। उल्लेखनीय है कि रवि शास्त्री ने साल 2014 से भारतीय खेमे में बतौर मेंटॉर अपने कोचिंग करियर की शुरुआत की और 2017 की चैम्पियन्स ट्रॉफी के बाद हेड कोच की जिम्मेदारी मिली। रवि शास्त्री के नेतृत्व में भारतीय टीम ने कई ऐतिहासिक सीरीज अपने नाम की लेकिन एक भी आईसीसी खिताब अपने नाम करने में कामयाब नहीं रही। इस बीच भारतीय टीम के नये हेड कोच राहुल द्रविड़ न्यूजीलैंड के खिलाफ 17 नवंबर से होने वाली सीरीज के साथ अपने कैंपेन का आगाज करेंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
