
रिकी पोंटिंग की तरह हैं विराट कोहली
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली का मानना है कि भारतीय कप्तान विराट कोहली काफी हद तक पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की तरह ही मैदान पर आक्रामक अंदाज में कैप्टेंसी करते हुए नजर आते हैं।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए ब्रेट ली ने कहा,'हर किसी की कप्तानी का तरीका अलग होता है। अगर आप रिकी पॉन्टिंग और विराट कोहली को देखें तो पाएंगे उन दोनों की कप्तानी में काफी समानता है। दोनों आक्रामक हैं, लेकिन वह इसकी सीमाएं भी जानते हैं।'

विराट कोहली की कप्तानी में आता है मजा
ब्रेट ली ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि जब वो मैदान पर पूरे जज्बे के साथ उतरते हैं तो उन्हें देखने में पूरा मजा आता है। फिटनेस को लेकर उन्होंने जिस तरह से पूरी टीम को प्रेरित किया है वही कबिल ए तारीफ है। विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम तीनों प्रारूप में लगातार अच्छा प्रदर्शन करती नजर आ रही है।
उन्होंने कहा, 'ऐसे मौके आए हैं जब सभी कप्तान बहुत अधिक आक्रामक हो जाते हैं। लेकिन मुझे कोहली की कप्तानी देखने में मजा आता है। क्योंकि उनकी कप्तानी में पूरा जुनून होता है। वह टीम के लिए अच्छा करना चाहते हैं।'

ब्रेट ली ने बताया गांगुली, धोनी और कोहली की कप्तानी में अंतर
विराट कोहली ने साल 2014 में महेंद्र सिंह धोनी से टेस्ट कप्तानी ली थी और जनवरी 2017 में वह सीमित ओवरों के भी कप्तान बने। कोहली की कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की धरती पर टेस्ट सीरीज में हराया। ऐसा करने वाले वह पहले एशियाई कप्तान बने। ऑस्ट्रेलिया के लिए 76 टेस्ट और 221 वनडे व 25 टी20 इंटरनैशनल खेलने वाले ब्रेट ली ने सौरव गांगुली और महेंद्र सिंह धोनी कोहली के खिलाफ खेला है। उन्होंने तीनों की कप्तानी में अंतर पर भी अपनी राय रखी।
ली ने कहा, 'मैंने धोनी और गांगुली के खिलाफ खेला है। वे अलग कप्तान थे। उनका तरीका थोड़ा शांत-चित कप्तानी करने का था। लेकिन वह बहुत प्रभावी था। आपको वही तरीका आजमाना चाहिए जो आपके लिए कारगर हो और आपके खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवा सकता हो। लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं जो बहुत अच्छे टीम मैनेजर होते हैं। वह अपनी टीम के टैलंट को काफी अच्छी तरह संभालते हैं। असल में यही तो कप्तान का काम है। कप्तान अच्छा नेतृत्वकर्ता होना चाहिए। खिलाड़ी उससे प्रेरणा ले सकें और उसका सम्मान करें और गांगुली, धोनी और कोहली बेशक ऐसे ही हैं।'

पोंटिंग की तरह हैं विराट कोहली
ब्रेट ली ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि जब से उन्होंने कप्तानी संभाली है तब से वह लगातार रन बनाकर रहे हैं। वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक 20 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं और सचिन तेंदुलकर के 49 वनडे शतक के रिकॉर्ड को तोड़ने से महज 7 कदम दूर हैं।
उन्होंने आगे कहा, 'कोहली की कप्तानी के अलावा जिस तरह से वह बल्ले से प्रदर्शन करते हैं वह लाजवाब है। यह भी रिकी पॉन्टिंग की तरह है। उनके पास आक्रामकता है लेकिन जरूरत से ज्यादा नहीं। इसमें एक अच्छा संतुलन है। कप्तानी की बात करें तो उन दोनों में काफी समानताएं हैं। इसके साथ ही उनमें खिलाड़ियों की क्षमताएं पहचानने की कला है। अगर आप देखें कि रिकी पॉन्टिंग किस तरह की फील्डिंग लगाते थे। वे इसमें काफी आक्रामक थे। मैंने कोहली के साथ भी ऐसा देखा है। कोहली को अटैक करने में मजा आता है।'


Click it and Unblock the Notifications
