तो फिर पाकिस्तान से छिन जायेगी एशिया कप की मेजबानी, पीसीबी का बड़ा इशारा
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में इस साल होने वाले टी20 विश्व कप से पहले पाकिस्तान में आयोजित होने वाली एशिया कप को लेकर बड़ी खबर आ रही है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख एहसान मनी ने एशिया कप को लेकर ऐसे संकेत दिये हैं कि पाकिस्तान इस टूर्नामेंट की मेजबानी को छोड़ सकता है। एहसान मनी ने यह बात पाकिस्तान सुपर लीग की ट्रॉफी लॉन्च के मौके पर कही।
और पढ़ें: मार-पीट मामले में 3 भारतीय क्रिकेटरों पर कश्मीरी गेट में FIR दर्ज, जानें क्या है पूरा केस
एहसान मनी ने एशिया कप की मेजबानी को छोड़ने का संकेत देते हुए कहा कि एशिया कप के मैच कराने के स्थल को लेकर एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) आखिरी फैसला लेगी। इस बात का फैसला एसीसी के सभी शेयरधारकों की राय के हिसाब से किया जायेगा।
और पढ़ें: IND vs NZ: 52 साल बाद रिकॉर्ड बनाने का मौका, 3 उपलब्धियां अपने नाम कर सकते हैं कोहली

मार्च के पहले हफ्ते में होगा फैसला
उल्लेखनीय है कि एशिया कप की मेजबानी को लेकर एसीसी को मार्च के पहले हफ्ते में मीटिंग करनी है। पीसीबी प्रमुख एहसान मनी ने बताया कि इस मीटिंग में एशिया कप के स्थलों और अन्य जानकारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
एहसान मनी ने कहा, ‘हमें सुनिश्चित करना होगा कि हमारे किसी भी फैसले से असोसिएट सदस्यों की कमाई प्रभावित नहीं हो। यह पूर्ण सदस्यों के बारे में नहीं है बल्कि असोसिएट सदस्यों के बारे में है।'

पाकिस्तान खेलने नहीं जायेगी भारतीय टीम
गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले ही टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए पाकिस्तान की यात्रा करने से इंकार कर दिया था और मैचों को न्यूट्रल वेन्यू पर कराने की बात कही थी। वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पहले इस बात से इंकार किया था लेकिन बाद में यू-टर्न लेते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ वसीम खान ने कहा कि इसको लेकर आखिरी फैसला एशियन क्रिकेट काउंसिल लेगी।
अगर एसीसी चाहेगा तो एशिया कप के दौरान भारतीय टीम के लीग मैच किसी न्यूट्रल वेन्यू पर कराये जा सकते हैं।

एसीसी चाहेगा तो भारत के मैच देश के बाहर खिला सकते हैं
एशिया कप में मेजबानी को लेकर पीसीबी ने साफ किया कि अगर भारतीय टीम सेमी फाइनल और फाइनल तक का सफर तय करती है तो वह उसे पाकिस्तान में ही खेलना होगा।
खान ने कहा,' लगातार सवाल किया जा रहा है कि क्या होगा अगर भारतीय टीम एशिया कप के लिये पाकिस्तान का दौरा नहीं करती है? इस पर मेरा जवाब है कि इसका फैसला एसीसी पर छोड़ देना चाहिये। लेकिन चूंकि हमें आयोजन के अधिकार दिए गए हैं तो हम उम्मीद करते हैं कि पूरे एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में ही करवाया जाये। एसीसी को ही फैसला लेना है कि वह भारतीय टीम के मुकाबले कहां आयोजित करवाना चाहती है।'

क्या न्यूट्रल वेन्यू पर भारत खेल सकता है मैच
इसके बाद पीसीबी से सवाल किया गया कि अगर भारत अपने मैच को पाकिस्तान से बाहर आयोजित करवाना चाहे तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का क्या रुख होगा।
इस सवाल के जवाब में वसीम खान ने सकारात्मक जवाब देते हुए कहा, ' इसमें कोई शक नहीं कि ऐसा हो सकता है। लेकिन इस पर फैसला एसीसी को लेना है। मान लीजिये अगर भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाना तय होता है तो यह एसीसी तय करेगी कि इसकी मेजबानी कहां पर हो। हालांकि प्रारूप और शेड्यूल को लेकर एसीसी के साथ चर्चा होना बाकी है। यह सारे फैसले वही लेगी।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
