इंग्लैंड ने बदला टी20 विश्वकप का इतिहास, वेस्टइंडीज को पहली बार हराया
नई दिल्ली। साल 2016 में खेले गये आखिरी टी20 विश्वकप के फाइनल मैच में जब वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की टीम के बीच मुकाबला खेला गया तो कैरिबियाई टीम ने आखिरी ओवर में 4 छक्के लगाकर अपना दूसरा खिताब जीता था। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने टी20 विश्वकप में इंग्लैंड के खिलाफ अपना अजेय जीत का रिकॉर्ड बरकरार रखा था। ऐसे में जब सुपर ओवर के ओपनिंग डे में यह दोनों टीमें खेलने उतरी तो फैन्स को फिर से एक बार लास्ट ओवर थ्रिलर देखने की उम्मीद थी, हालांकि ऐसा हो नहीं सका और इंग्लैंड की टीम ने इस मैच को 6 विकेट से जीतकर टी20 विश्वकप में हार के रिकॉर्ड को बदल दिया।
और पढ़ें: T20 WC: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच जीत सकता था साउथ अफ्रीका, जानें कौन सी गलतियां पड़ी भारी
इंग्लैंड की टीम ने इस मैच में जीत हासिल कर वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 विश्वकप में अपनी पहली जीत हासिल की और लगातार हार के सिलसिले को आखिरकार रोक दिया। वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 55 रनों का ही स्कोर खड़ा किया जिसका पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने भी 4 विकेट खो दिये और 8.2 ओवर्स में जाकर लक्ष्य को हासिल किया। इंग्लैंड ने 6 विकेट से जीत हासिल कर वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 विश्वकप में अपनी पहली जीत हासिल की।

आदिल राशिद के सामने वेस्टइंडीज ने टेके घुटने
इंग्लैंड की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पूरी कैरिबियाई टीम को महज 55 रन के स्कोर पर समेट दिया। वेस्टइंडीज की टीम इस दौरान 14.2 ओवर्स की ही बल्लेबाजी कर सकी और क्रिस गेल (13) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहाईं के आंकड़े को पार नहीं कर सका। इंग्लैंड के लिये आदिल राशिद ने टी20 विश्वकप की सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की और अपने 2.2 ओवर के स्पेल में सिर्फ 2 रन देकर 4 विकेट हासिल किये। आदिल राशिद के अलावा मोइन अली और टिमिल मिल्स ने भी 2-2 विकेट हासिल किये तो वहीं पर क्रिस वोक्स और क्रिस जॉर्डन के खाते में एक-एक विकेट आये।

वेस्टइंडीज ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज की टीम ने अपनी इस पारी के साथ ही टी20 विश्वकप का बड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया और टेस्ट मैच खेलने वाले देशों में विश्वकप का सबसे न्यूनतम स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। टी20 विश्वकप की एक पारी में सबसे न्यूनतम स्कोर बनाने का रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के नाम है जो कि श्रीलंका के खिलाफ दो बार 39 रन (2014) और 44 रन (2021) पर ऑल आउट हो चुकी है। वहीं वेस्टइंडीज की टीम इस फेहरिस्त में तीसरे पायदान पर पहुंच गई है।

इंग्लैंड ने हासिल की टी20 विश्वकप की सबसे बड़ी जीत
वेस्टइंडीज की खराब बल्लेबाजी के बाद ऐसा लगा जैसे इंग्लैंड की टीम बहुत आसानी से इस मैच को जीत जायेगी, हालांकि ऐसा हुआ नहीं। 56 रनों का पीछा करते हुए इंग्लैंड के लिये जेसन रॉय (21) और जोस बटलर (नाबाद 24) ने 21 रनों की साझेदारी की, लेकिन रवि रामपॉल ने जेसन रॉय का विकेट लेकर पहला झटका दिया। वहीं पर अकील हुसैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए जॉनी बेयरस्टो (9) और लियाम लिविंगस्टोन का कैच लेकर इंग्लैंड को जीत हासिल करने में थोड़ी और देर लगाई। इंग्लैंड ने जोस बटलर की नाबाद 24 रनों की पारी के दम पर 8.2 ओवर्स खेलकर 6 विकेट से जीत हासिल कर ली है।
गौरतलब है कि इसके साथ ही इंग्लैंड की टीम ने टी20 विश्वकप में गेंदों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल कर ली है। इंग्लैंड की टीम ने इस मैच में 70 गेंद पहले मैच खत्म किया। इससे पहले इंग्लैंड की टीम का गेंद के लिहाज से सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड 67 गेंद था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications