'ऐसा लग रहा है जैसे भारतीय क्रिकेट में फैला हो रायता', विराट कोहली की प्रेस कॉन्फेंस पर बिफरे पूर्व चयनकर्ता
नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की टेस्ट और वनडे सीरीज खेलने के लिये रवाना होने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें उन्होंने मीडिया से बात करते हुए पिछले कुछ दिनों से चली आ रही तमाम अफवाहों पर अपना जवाब दिया और उन्हें पूरी तरह से खारिज कर दिया। हालांकि विराट कोहली ने इस दौरान वनडे कप्तानी से खुद को हटाये जाने की प्रक्रिया को लेकर जो बयान दिया उसने खेल जगत को पूरी तरह से हिला कर रख दिया। 8 दिसंबर को भारतीय चयन समिति ने टेस्ट टीम की घोषणा करने के साथ ही रोहित शर्मा को वनडे प्रारूप का नया कप्तान बनाये जाने का ऐलान किया था। रोहित को वनडे प्रारूप का नया कप्तान बनाये जाने के बाद यह पहली बार था जब विराट कोहली ने मीडिया से बात की।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन कई मुद्दों पर तस्वीर साफ की जिसको लेकर मीडिया में पिछले कुछ दिनों से काफी अलग खबरें रिपोर्ट की जा रही थी। विराट कोहली के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व चयनकर्ता शरणदीप सिंह ने हैरानी जताते हुए कहा है कि जिस तरह से कोहली ने अपनी बात रखी है उसे देखकर यही लगता है कि बोर्ड में अव्यवस्था जोरों पर है और चारों तरफ रायता फैला हुआ है।
और पढ़ें: गांगुली-कोहली के बयानों के बीच अचानक क्यों ट्रेंड करने लगे अनिल कुंबले, फैन्स ने लगाई विराट की क्लास

थोड़ा प्रोफेशनल हो सकती थी चयन समिति
इस मुद्दे पर पूर्व चयनकर्ता शरणदीप सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि यह चयन समिति की जिम्मेदारी होती है कि वो टीम के कप्तान और खिलाड़ियों का चयन करे। इसमें बीसीसीआई की कोई भूमिका नहीं होती है। जिस तरह से विराट कोहली ने आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बयान दिये हैं वह काफी हैरान करने वाले रहे हैं। जिस तरह से उनके बयान सामने आये हैं उससे यकीनन चीजें गलत तरीके से हुई हैं। निजी तौर पर यह मेरा मानना है कि सफेद बॉल क्रिकेट में दो कप्तान नहीं होने चाहिये। पर यहां पर बात चयन की नहीं है बल्कि उसे करने के तरीके की है। मुझे लगता है कि चीजें थोड़ी और प्रोफेशनल तरीके से हैंडल की जानी चाहिये थी और विराट को इस बारे में थोड़ा पहले सूचित किया जा सकता था। मैं बस यही कहना चाहता हूं कि कुव्यवस्था के चलते जो भी रायता फैला उसे जल्दी से साफ कर लेना चाहिये ताकि भारतीय क्रिकेट को नुकसान न हो।

कोहली-रोहित की लड़ाई सिर्फ भ्रम
शरनदीप सिंह ने आगे बात करते हुए विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच विवाद को चल रही अफवाहों पर भी बात की और इसे एक भ्रम करार दिया। उल्लेखनीय है कि कोहली ने भी अपने बयान में साफ किया था कि मैं दो-ढाई साल से इस बात पर सफाई देते-देते थक गया हूं, हम दोनों के बीच ऐसी कोई भी बात नहीं है, यह सिर्फ मीडिया की बनायी कहानी है।
शरनदीप सिंह ने इस मुद्दे पर कहा,'रोहित और विराट दोनों ही काफी मेच्योर खिलाड़ी और कप्तान हैं। उन दोनों ने कभी भी एक दूसरे के खिलाफ कोई सवाल नहीं उठाये हैं और दोनों ही परिस्थितियों से निपटना अच्छे से जानते हैं। अगर वो अच्छे दोस्त नहीं भी होंगे तो भी वो अपने देश के लिये खेलना जानते हैं। दोनों ही खिलाड़ियों ने देश के लिये मैच जीते हैं और उनका कॉम्बिनेशन जबरदस्त है। लोग बस उनको लेकर भ्रम फैलाते हैं।'

चयनकर्ताओं के तरीके पर कोहली ने उठाये थे सवाल
गौरतलब है कि भारतीय टीम इस समय मुंबई के होटेल में क्वारंटीन है, जहां से उसे 16 दिसंबर को साउथ अफ्रीका के लिये उड़ान भरनी है। टीम होटेल से ही बात करते हुए विराट कोहली ने मीडिया के सवालों का जवाब दिया।
उन्होंने कहा,'कप्तानी के दौरान कम्युनिकेशन को लेकर जो भी खबर लिखी या कही गई है वह पूरी तरह से झूठ है। मुझसे सेलेक्शन मीटिंग से डेढ़ घंटे पहले चयनकर्ताओं ने संपर्क किया था, जहां पर हमने साउथ अफ्रीका दौरे की टेस्ट टीम को लेकर चर्चा की। इससे पहले मुझसे टी20 की कप्तानी छोड़ने और 8 दिसंबर के बीच कप्तानी को लेकर कोई बात नहीं की गई थी। मुख्य चयनकर्ता ने मुझसे पहले टीम को लेकर चर्चा की जिस पर हम दोनों में सहमति बन गई। कॉल खत्म होने से पहले उन्होंने बताया कि 5 चयनकर्ताओं की टीम ने फैसला किया है कि वनडे टीम की कमान अब मेरे पास नहीं रहेगी, जिसके जवाब में मैंने कहा ठीक है। बाद में जब सेलेक्शन की बैठक हुई तो हमने इस पर खुलकर बात की। यही हुआ था, इससे पहले इस पर मुझसे कोई बात नहीं की गई थी।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
