गांगुली-कोहली के बयानों के बीच अचानक क्यों ट्रेंड करने लगे अनिल कुंबले, फैन्स ने लगाई विराट की क्लास
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट इस समय बदलाव के दौर से गुजर रहा है, जिसके चलते हाल ही में चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा को सीमित ओवर्स के तहत वनडे और टी20 प्रारूप की कमान सौंपी तो वहीं पर विराट कोहली को टेस्ट टीम का कप्तान जारी रखा है। हालांकि बदलाव का यह दौर विवादों से भरा न हो ऐसा बहुत कम ही बार देखने को मिलता है और एक बार फिर से यह दौर शुरू हो गया है। वनडे प्रारूप की कप्तानी छिनने के बाद लगातार अफवाहों का बाजार गर्म था और ऐसी खबरें सामने आ रही थी कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच काफी मनमुटाव चल रहा है और दोनों एक दूसरे की कप्तानी में नहीं खेलना चाह रहे हैं। इसी के चलते जहां चोटिल हुए रोहित शर्मा टेस्ट क्रिकेट में हिस्सा नहीं ले पायेंगे तो वहीं पर विराट कोहली ने वनडे प्रारूप से आराम की मांग की है।
और पढ़ें: क्या टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले हैं रविंंद्र जडेजा, अब खुद दिया इस सवाल का जवाब
इस तरह की रिपोर्ट के लगातार सामने आने की वजह से बोर्ड लगातार परेशान चल रहा था जिसको लेकर बुधवार को कप्तान विराट कोहली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन सवालों का जवाब देने का फैसला किया। इस कॉन्फ्रेंस के दौरान जहां विराट कोहली ने ज्यादातर अफवाहों को खारिज कर दिया लेकिन कुछ ऐसी बातें भी कर बैठे जिससे बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली की ओर से कप्तानी के फैसले को लेकर दिये गये बयानों में अंतर नजर आया। जहां गांगुली ने दावा किया था कि जब विराट कोहली ने टी20 प्रारूप से कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था तो हमने उन्हें ऐसा न करने के लिये मनाया था और कप्तानी के फैसले को लेकर मैंंने खुद उनसे बात की थी।

कोहली के बयान के बाद उठी गांगुली के इस्तीफे की मांग
वहीं इस बयान को लेकर विराट कोहली ने कहा है कि उन्हें कप्तानी के फैसले के बारे में टीम के ऐलान से डेढ़ घंटे पहले सूचित किया गया था, जहां पर उन्हें रोहित के कप्तान बनाये जाने का फैसला बताया गया था। वहीं जब टी20 प्रारूप की कप्तानी को छोड़ने के बारे में उन्होंने चयनकर्ताओं से बात की थी तो किसी ने उन्हें ऐसा न करने के लिये नहीं कहा था बल्कि सबने इससे टीम के भविष्य के लिये अच्छा फैसला बताकर स्वीकार किया था।
इस बीच सोशल मीडिया पर कोहली के बयान के बाद से सौरव गांगुली के इस्तीफे की मांग शुरू हो गई है। लोगों का कहना है कि कोहली के इस बयान ने बीसीसीआई की पोल खोल दी है कि वो किस तरह से अपने दिग्गज खिलाड़ियों को हैंडल करता है। लोगों ने गांगुली का झूठ सामने आने को लेकर इस्तीफा देने की मांग की है।

अचानक क्यों ट्रेंड करने लगे अनिल कुंबले
जहां एक ओर लोग सौरव गांगुली के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं तो वहीं पर कुछ ऐसे भी लोग हैं जो इसे विराट कोहली की करनी बता रहे हैं और कह रहे हैं कि जैसी करनी वैसी भरनी। लोगों ने इसको लेकर पूर्व हेड कोच अनिल कुंबले और विराट कोहली के बीच हुए विवाद को याद किया और बताया कि कैसे 9 महीने के अंदर कोहली को कुंबले की रणनीतियों से समस्या होने लगी थी और अपनी ताकत का इस्तेमाल कर उन्हें टीम मैनेजमेंट से बाहर करवाया।
उल्लेखनीय है कि साल 2013 के बाद भारतीय टीम के हेड कोच का पद लंबे समय तक के लिये खाली रहा था। इस दौरान पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री टीम के डायरेक्टर के रूप में नियुक्त किये गये थे और टीम के साथ काम कर रहे थे। हालांकि जब 2016 टी20 विश्वकप में भारत अपने घर में ही खिताब जीतने में नाकाम रहा था तो बीसीसीआई ने अनिल कुंबले को नये हेड कोच के रूप में नियुक्त किया और रवि शास्त्री टीम डायरेक्टर के पद पर बने रहे।

इस वजह से कुंबले से छिनी थी कोच की भूमिका
अनिल कुंबले के हेड कोच की भूमिका संभालने के महज 6 महीने बाद ही टीम में खटपट की खबरें सामने आने लगी थी, लेकिन ज्यादा विवाद 2017 की चैम्पियन्स ट्रॉफी के दौरान देखने को मिली। जहां पर रिपोर्ट के अनुसार कोच अनिल कुंबले लेफ्ट आर्म स्पिनर्स को साथ ले जाना चाहते थे लेकिन कोहली टीम में रिस्ट स्पिनर्स को खिलाने पर हावी नजर आये। चयनकर्ताओं ने अंत में कप्तान की बात मानी और अश्विन-जडेजा की जोड़ी को मौका दिया, हालांकि फाइनल में भारत को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में भारतीय स्पिनर्स बुरी तरह फ्लॉप रहे और हार की बड़ी वजह बने।
चैम्पियन्स ट्रॉफी के बाद अनिल कुंबले ने खुद ही पद से इस्तीफा दे दिया और रवि शास्त्री टीम के नये कोच नियुक्त किये गये। इस दौरान कई रिपोर्ट सामने आयी थी जिसमें दावा किया गया था कि कोहली और रवि शास्त्री की जोड़ी ने कुंबले को कार्यकाल पूरा न करने देने के लिये बोर्ड पर दबाव बनाया था। आपको बता दें कि टी20 विश्वकप 2021 की समाप्ति के बाद रवि शास्त्री का कार्यकाल समाप्त हो गया है। ऐसे में नये कार्यकाल की शुरुआत के साथ ही फिर से कोहली के साथ विवादों का दौर शुरु हो गया है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
