
टी20 विश्व कप में केएल राहुल बनेंगे अच्छा विकल्प
दुनिया भर में कोरोना वायरस के चलते इन दिनों खेल जगत लगभग पूरी तरह से ठप्प है लेकिन खिलाड़ियों को अभी भी उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में होने वाला टी20 विश्व कप अपने समय पर होगा। इसको लेकर खिलाड़ी तो तैयारियों में लगे ही हुए हैं टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ता भी करीब से नजर बनाये हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के बाद अगले साल भारत को भी टी20 विश्व कप की मेजबानी करनी है।
पूर्व भारतीय खिलाड़ी दीप दास गुप्ता ने इन दोनों ही विश्व कप में केएल राहुल को महत्वपूर्ण खिलाड़ी बताते हुए कहा,'केएल राहुल को सभी 3 फॉर्मेट्स में खेलना चाहिए। वह एक क्वॉलिटी बल्लेबाज और अच्छे विकेटकीपर हैं। मेरा मानना है कि उन्हें टी-20 टीम में होना ही चाहिए। देखिए, हम 2 टी 20 विश्व कप के बारे में बात कर रहे हैं और इसलिए वह टीम का एक महत्वपूर्व हिस्सा हैं।'

केएल राहुल ने साबित किया कि वह किसी भी क्रम में कर सकते हैं बल्लेबाज
पूर्व खिलाड़ी ने केएल राहुल की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले कुछ वक्त में राहुल ने यह साबित कर दिया है कि वह किसी भी बल्लेबाजी क्रम पर खेल सकते हैं और रन बना सकते हैं। उन्होंने टेस्ट टीम में राहुल की जगह नहीं बनने को लेकर कहा कि उनकी टी20 और एकदिवसीय टीम में जगह पक्की है।
उन्होंने कहा,'राहुल सभी 3 फॉर्मेट्स में खेलने के लिए बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं। टी 20 में, हां वह एक बहुत अच्छा विकेटकीपर-बल्लेबाज हो सकता है - मैं लंबे समय से यह कह रहा हूं। एकदिवसीय मैचों में, यह 50-50 कॉल है, वह नंबर 5 पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और यह तय किया जा सकता है कि उन्हें विकेटों को रखना चाहिए या नहीं। लेकिन राहुल को टेस्ट क्रिकेट मे विकेट कीपिंग नहीं करना चाहिये। उन्हें तीनों प्रारूप में भी खेलना चाहिए लेकिन वह कितना खेल सकते हैं और अपने वर्कलोड को भी ध्यान में रखना चाहिए।'

शानदार फॉर्म में हैं केएल राहुल
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में ऋषभ पंत के चोटिल हो जाने के बाद से केएल राहुल ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी को बखूबी संभाली हुई है जिसके बाद से राहुल टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर ही खेल रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के बाद न्यूजीलैंड दौरे पर टी20 व एकदिवसीय सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया। टी20 सीरीज में तो राहुल को प्लेयर ऑफ द सीरीज से भी नवाजा गया। मगर टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो, साउथ अफ्रीका के साथ खेली गई घरेलू टेस्ट सीरीज में केएल राहुल को खराब फॉर्म के चलते टीम से ड्रॉप किया गया था। इसके बाद से अब तक वह टेस्ट टीम में वापसी नहीं कर पाए हैं।


Click it and Unblock the Notifications
