
मैथ्यू हेडेन ने बताया क्या था आईपीएल इतिहास का सबसे खास पल
चेन्नई सुपर किंग्स के लिये आईपीएल में कई शानदार पारियां खेल चुके ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी मैथ्यू हेडेन ने इस टूर्नामेंट के दौरान खेले गये अपने सर्वश्रेष्ठ पल के बारे में बात करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्होंने बताया कि तीसरे सीजन के दौरान जब वह दलाई लामा से मिले थे तो वह उनके जीवन का सबसे खास पल था।
इसके साथ ही हेडेन ने उसी सीजन चेन्नई सुपर किंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच हुए उस यादगार मैच को भी याद किया जिसमें धोनी की शानदार पारी के चलते सीएसके की टीम ने आखिरी समय में क्वालिफाई किया था।

रैना ने हेडेन की इस पारी को बताया अपना पसंदीदा पल
अपनी इस वीडियो के साथ ही मैथ्यू हेडेन ने सीएसके के अपने पूर्व साथी सुरेश रैना को नॉमिनेट करते हुए इस चैलेंज का हिस्सा बनने को कहा, जिसे स्वीकारते हुए रैना ने भी एक वीडियो पोस्ट कर आईपीएल के अपने पसंदीदा लम्हे के बारे में बताया।
सुरेश रैना ने इसका जवाब देते हुए कहा,' आपका बहुत बहुत धन्यवाद मैथ्यू हेडन, मैं बताना चाहूंगा कि आईपीएल इतिहास में मेरी सबसे पसंदीदा पारी वो है जिसमें आपने दिल्ली के खिलाफ मंगूस बल्ले से 93 रनों की पारी खेली थी। उस मैच में आप हर गेंद को बाउंड्री लाइन पर भेज रहे थे। पिच में स्पिन होने के बाद भी आपने शानदार बल्लेबाजी की थी। हम उस मैच में बड़े स्कोर का पीछा कर रहे थे। मैं उस मैच में कप्तान था और हमारी अच्छी पार्टनरशिप भी हुई थी।'

रैना ने डुप्लेसिस को किया नॉमिनेट, IPL पर मंडरा रहा खतरा
वीडियो के अंत में रैना ने इस चैलेंज को आगे बढ़ाते हुए फाफ डुप्लेसिस को नॉमिनेट किया और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान को जवाब देने के लिये कहा।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस के चलते आईपीएल के 13वें सीजन के आयोजन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। भारत सरकार लॉकडाउन को 2 हफ्ते तक बढ़ाने पर विचार कर रही है जिसे देखकर इस टूर्नामेंट का अनिश्चितकाल तक आयोजन टलना संभव है। पहले इसका आयोजन 29 मार्च से होना था।


Click it and Unblock the Notifications
