IND vs SA: पूर्व सलामी बल्लेबाज ने दी भारतीय टीम को चेतावनी, 2018 की इस गलती से बचने की दी सलाह
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने शुक्रवार को साउथ अफ्रीका दौरे पर 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची भारतीय टीम को लेकर ट्वीट किया और बताया कि अगर विराट सेना को पहली बार साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज में जीत हासिल करनी है तो उसे क्या करना होगा। 2018 के दौरे को याद करते हुए वसीम जाफर ने भारतीय टीम की उस बड़ी गलती का जिक्र किया जिसकी वजह से हर मैच में 20 विकेट हासिल करने के बावजूद भारतीय टीम को सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था। वसीम जाफर ने इस दौरान विराट कोहली को टीम कॉम्बिनेशन को लेकर भी अहम सुझाव दिया जो कि साउथ अफ्रीका दौरे पर जीत हासिल करने में अहम साबित हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के दौरे पर अब तक 7 बार जा चुकी हैं जिसमें से 6 बार उसे हार का सामना करना पड़ा है जबकि 2010-11 के दौरे पर वह ड्रॉ करने में कामयाब रही थी। टेस्ट प्रारूप में विराट कोहली के कप्तानी संभालने के बाद साल 2018 में भारतीय टीम ने पहली बार साउथ अफ्रीका का दौरा किया था, जहां पर पहले दो मैचों में हार का सामना करने के बाद उसने सीरीज के आखिरी मैच में जीत हासिल की थी।
और पढ़ें: करियर के आखिरी मैचों में जानें कैसा था हरभजन सिंह का प्रदर्शन, भारत को मिली थी शर्मनाक हार

इस वजह से हारी भारतीय टीम
2018 के इस दौरे पर भारतीय गेंदबाजों ने बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया था और हर बार विपक्षी टीम के 20 विकेट हासिल करने में कामयाब हुए थे। 2018 के इस दौरे को याद करते हुए वसीम जाफर ने कहा कि भारत ने इस सीरीज में गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद 6 पारियों में से सिर्फ एक बार ही 250 रन के आंकड़े को पार किया था जो कि उनकी हार की बड़ी वजह बना।
उन्होंने कहा,'भारत ने 2018 के साउथ अफ्रीका दौरे पर 6 में से सिर्फ एक बार ही 250 से ज्यादा रन बनाये और यही वजह रही कि हर मैच में 20 विकेट लेने के बावजूद भारतीय टीम को सीरीज में हार का सामना करना पड़ा।'

टीम में अतिरिक्त बल्लेबाज होना बहुत जरूरी
भारतीय क्रिकेट टीम के इस दिग्गज खिलाड़ी का मानना है कि भारतीय टीम की प्लेइंग बल्लेबाज में अतिरिक्त बल्लेबाज का होना बहुत जरूरी है, इस वजह से उन्हें लाइन अप में 7 बल्लेबाज और 4 गेंदबाज के कॉम्बिनेशन के साथ उतरना चाहिये। गेंदबाजी लाइन अप पर बात करते जाफर का मानना है कि भारतीय टीम को 3 पेसर जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और एक स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के साथ उतरना चाहिये।
उन्होंने लिखा,'साउथ अफ्रीका में भारत को अतिरिक्त बल्लेबाज के साथ जाना चाहिये। मेरी राय में भारत को 7+4 के कॉम्बिनेशन के साथ खेलना चाहिये जिसमें गेंदबाजी का विभाग बुमराह, शमी, सिराज और अश्विन के हाथ में हो।'

साउथ अफ्रीका में जीत के लिये 400 से ज्यादा रनों की दरकार
इससे पहले न्यूज 18 से बात करते हुए वसीम जाफर ने कहा था कि हमारे गेंदबाजों में भारत को मैच में रखने का दम है लेकिन अगर विराट सेना को जीत हासिल करनी है तो उसके बल्लेबाजों को 400 से ज्यादा रन बनाने की दरकार होगी। गौरतलब है कि 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 26 दिसंबर से सेंचुरियन के मैदान पर होगा।
उन्होंने कहा,'भारतीय गेंदबाज टीम को मैच में रखने का दम रखते हैं। भारतीय टीम का पेस अटैक अब काफी अनुभवी हो चुका है। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी की जोड़ी के पास काफी अनुभव है जो कि भारतीय टीम के ऑल राउंट अटैक को दर्शाता है। मैं पहले से कहता आ रहा हूं कि अगर भारत 400 से ज्यादा रन बनाता है तो वो साउथ अफ्रीका में सभी मैच जीत सकता है। हमारी गेंदबाज प्रथम श्रेणी की है, लेकिन असल चुनौती बल्लेबाजों के सामने बोर्ड पर रन देने की है। यही हमारी सबसे बड़ी दिक्कत रही है।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
