Vijay Hazare SF: सौराष्ट्र के खिलाफ खूब चला बाबा ब्रदर्स का बल्ला, आखिरी गेंद पर मैच जीत फाइनल में तमिलनाडु
नई दिल्ली। वनडे प्रारूप में भारत के घरेलू क्रिकेट में खेली जाने वाली सबसे बड़ी ट्रॉफी विजय हजारे 2021-22 के सेमीफाइनल मैचों का आयोजन शुक्रवार को हुआ जिसके पहले सेमीफाइनल मैच में हिमाचल प्रदेश की टीम का सर्विसेज से हुआ तो वहीं पर दूसरे मैच में तमिलनाडु और सौराष्ट्र की टीमें भिड़ी। जयपुर के केएल सैनी ग्राउंड पर खेले गये इस दूसरे सेमीफाइनल मैच में फैन्स को काफी रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जहां पर पहले बल्लेबाजी करते हुए सौराष्ट्र की टीम ने निर्धारित 50 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 310 रनों का स्कोर खड़ा किया और जवाब में मैच का नतीजा आखिरी गेंद पर निकला। तमिलनाडु के लिये आर साई किशोर ने आखिरी गेंद के इस थ्रिलर में चौका जड़कर अपनी टीम को 2 विकेट से जीत दिलायी और फाइनल में पहुंचा दिया।
और पढ़ें: करियर के आखिरी मैचों में जानें कैसा था हरभजन सिंह का प्रदर्शन, भारत को मिली थी शर्मनाक हार
अब तक 5 बार विजय हजारे ट्रॉफी के खिताब को अपने नाम कर चुकी तमिलनाडु की टीम ने 2016-17 के सीजन में आखिरी बार ट्रॉफी को अपने नाम किया था। 2019-20 के सीजन में तमिलनाडु के पास खिताब की संख्या को बढ़ाने का मौका था लेकिन कर्नाटक की टीम ने उसे फाइनल में हरा दिया था। अब जब तमिलनाडु की टीम एक बार फिर से फाइनल में पहुंच गई है तो किसी भी हाल में वो इस मौके को छोड़ना नहीं चाहेगी।
और पढ़ें: IPL 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले हरभजन सिंह ने क्यों लिया संन्यास, जानें अब किस रोल में आयेंगे नजर

जैक्शन के शतक से सौराष्ट्र ने बनाये 310 रन
जयपुर के मैदान पर खेले गये इस मैच में तमिलनाडु की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और सौराष्ट्र को बल्लेबाजी के लिये बुलाया। महज 31 रन पर हार्विक देसाई (9) के रूप में अपना पहला विकेट खोने के बाद सौराष्ट्र की टीम के लिये विश्वराज जडेजा (52) और शेल्डन जैक्सन (134) ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिये 93 रनों की साझेदारी कर डाली। सलामी बल्लेबाज विश्वराज जडेजा ने अपनी इस पारी में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 52 रनों की पारी खेली और एम सिद्धार्थ का शिकार हो गये।
जडेजा के आउट होने के बाद जैक्शन ने पारी को आगे बढ़ाना जारी रखा और पहले प्रेरक मांकड़ (37) के साथ तीसरे विकेट के लिये 81 रन तो वहीं पर चौथे विकेट के लिये वासवाडा (57) के साथ 70 रनों की साझेदारी की। शेल्डन जैक्शन ने इस दौरान अपना शतक पूरा किया और 134 रनों की पारी खेल डाली। जैक्शन ने 125 गेंदों में 11 चौके और 4 छक्कों की मदद से यह शतकीय पारी खेली, तो वहीं पर वासवाडा ने भी 40 गेंदों में 57 रन जोड़े और टीम को 310 रन के स्कोर पर पहुंचा दिया।

शुरुआती झटकों के बाद बाबा ब्रदर्स ने तमिलनाडु को संभाला
तमिलनाडु की टीम के लिये कप्तान विजय शंकर ने 4 विकेट अपने नाम किये तो वहीं पर सिलंबरसन ने 3 विकेट हासिल किये। जीत के लिये 311 रनों का पीछा करने उतरी तमिलनाडु की टीम के लिये शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज 23 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट खो दिये। एन जगदीशन (0) और कप्तान विजय शंकर (4) को चेतन साकरिया ने अपना शिकार बनाया और तमिलनाडु को बैकफुट पर धकेल दिया। हालांकि सलामी बल्लेबाज बाबा अपराजिथ (122) ने अपने भाई बाबा इंद्रजीत (50) के साथ 90 रनों की साझेदारी कर शुरुआती झटकों से बाहर निकाला। हालांकि युवराज की गेंद पर बाबा इंद्रजीत को वापस जाना पड़ा, जिन्होंने 5 चौके और एक छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया था। दिनेश कार्तिक (31) ने भी 48 रनों की साझेदारी की लेकिन जयदेव उनादकट की गेंद का शिकार बने।

वाशिंगटन सुंदर ने बदला मैच का रुख
168 रन पर 4 विकेट खो चुकी तमिलनाडु के लिये वाशिंगटन सुंदर (70) ने बाबा अपराजित के साथ पारी को संभालने का काम किया और पांचवे विकेट के लिये 76 रनों की साझेदारी की। इस दौरान बाबा अपराजित ने अपना शतक पूरा किया और 12 चौके, 3 छक्कों की मदद से 122 रनों की पारी खेल डाली। युवराज ने अपराजित का विकेट लेकर अपनी टीम की वापसी करायी लेकिन वाशिंगटन सुंदर ने मैच को रुख बदलना जारी रखा। वाशिंगटन सुंदर ने 70 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया। 49वें ओवर में जब साकरिया ने सुंदर का विकेट हासिल किया तब तमिलनाडु की टीम 302 रन पर काबिज थी। आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर तमिलनाडु को जीत के लिये एक रन की दरकार थी लेकिन आर साई किशोर ने चौका लगाकर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। साकरिया ने अपने 10 ओवर के स्पेल में 5 विकेट हासिल किये लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications