Women T20 World Cup: सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद भी नाराज हैं भारतीय कप्तान, जानें क्यों
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया में जारी आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में गुरुवार को हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 4 रनों से मात देकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने कीवी टीम के खिलाफ 133 रन बनाये जिसका पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर सिर्फ 129 रन ही बना सकी। भारतीय टीम के लिये गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और जीत में अहम रोल निभाया। हालांकि लीग स्टेज पर लगातार 3 मैच में जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन से खुश नहीं हैं।
और पढ़ें: IND vs NZ: T20 विश्व कप में न्यूजीलैंड को हरा सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
मैच में जीत के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर खुशी जताई लेकिन अपनी टीम के बल्लेबाजों से नाराज नजर आई और कहा कि बल्लेबाजी में हम एक बार फिर से अच्छी शुरुआत का फायदा उठा पाने में नाकाम रहे।
और पढ़ें: IND vs NZ: भारत के खिलाफ ड्रीम डेब्यू करने के बाद अब यह बनना चाहते हैं काइल जैमिसन

लय बरकरार रखने में नाकाम हो रहे हैं बल्लेबाज
हरमनप्रीत कौर ने बल्लेबाजों को बचकानी गलतियां करने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि हम लगातार अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम हो रहे हैं। भारत का मध्यक्रम लगातार अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहा है।
मैच के बाद मीडिया से बात करते हुए हरमनप्रीत ने कहा, 'टीम जीत दर्ज कर रही है लेकिन फिर भी हम पहले 10 ओवर अच्छे गुजरने के बाद वही गलतियां कर रहे हैं। हमें अच्छी शुरुआत मिलती है लेकिन हम उस लय को बरकरार नहीं रख पाते।'

खिताब जीतना है तो बचकानी गलतियां करना छोड़ें खिलाड़ी
विश्व कप का अपना पहला खिताब जीतने उतरी भारतीय महिला टीम ने लगातार तीसरा मैच जीतकर जीत की हैट्रिक लगाई और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। हरमनप्रीत ने बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर निराशा जताई और कहा कि हमें शैफाली से सीखने की जरूरत है। गौरतलब है कि 16 वर्षीय शैफाली वर्मा ने भारत के लिये 34 गेंद में 46 रन की पारी खेली जिसके बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
उन्होंने कहा, 'आगे के मैच अधिक कड़े होंगे और हम बचकानी गलतियां नहीं कर सकते। शेफाली (वर्मा) हमें अच्छी शुरुआत दे रही हैं। उनके शुरू में बनाए गए रन हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।'

मैच के बाद जानें क्या बोली शैफाली
वहीं टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली शैफाली वर्मा ने कहा कि वह टीम में योगदान देकर और जीत हासिल करके काफी खुश हैं।
शैफाली ने कहा, 'अच्छा लग रहा है। अपने प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। लगातार ऐसा प्रदर्शन करना चाहती हूं। मैंने ढीली गेंदों का इंतजार किया और उन पर बड़े शॉट खेले।'

हार के बाद जानें क्या बोली कीवी कप्तान
न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने हार के बावजूद अपने गेंदबाजों की तारीफ की जिन्होंने भारत को अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया। डिवाइन ने कहा कि उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले मैच में एक बार फिर से एकजुट होकर उतरेगी और बेहतर प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में जगह बनाने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा, 'हमने अच्छी शुरुआत के बाद उन्हें कम स्कोर पर रोककर अच्छा प्रदर्शन किया। जिस तरह से टीम जीत के करीब पहुंची वह शानदार था। एमिलिया केर ने बहुत अच्छी भूमिका निभाई।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
