आखिर क्यों लॉर्डस के मैदान से बाहर रखे गये थे रविचंद्रन अश्विन, अब खुद इस गेंदबाज ने किया खुलासा
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले 2 मैच समाप्त हो चुके हैं और अब 25 अगस्त से दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा मैच खेला जाना है। नॉटिंघम के मैदान पर खेला गया पहला मैच आखिरी दिन बारिश की भेंट चढ़ने के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ तो वहीं पर लॉर्डस में खेले गये दूसरे टेस्ट मैच में विराट सेना ने आखिरी दिन नाटकीय अंदाज में वापसी करते हुए 151 रनों की जीत हासिल की। इसके साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
भारतीय टीम ने अब तक खेले गये पहले दोनों मैचों में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए गेंदबाजी में दबदबा बनाया है, हालांकि इन दोनों ही मैचों में उसकी टीम के सर्वश्रेष्ठ स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन अब तक मैदान से दूर बने हुए हैं। उनकी जगह पर टीम के लिये रविंद्र जडेजा खेल रहे हैं, जिन्होंने दोनों टेस्ट मैच में गेंद से विकेट तो नहीं निकाला लेकिन बल्ले से रनों का योगदान जरूर दिया।

मैच की सुबह टीम से हुये बाहर
उल्लेखनीय है कि लॉर्डस टेस्ट में शार्दुल ठाकुर के चोटिल होकर बाहर हो जाने के बाद पूरी उम्मीद जताई जा रही थी कि रविचंद्रन अश्विन की टीम में वापसी हो सकती है, हालांकि विराट कोहली ने उनकी जगह ईशांत शर्मा को मौका देकर सभी को हैरान कर दिया। विराट कोहली के इस निर्णय ने एक नई चर्चा शुरू कर दी जिसमें सब यही जानना चाह रहे थे कि आखिरकार क्यों अश्विन को नहीं खिलाया जा रहा है।
भारतीय टीम के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविंचंद्रन अश्विन ने खुद इसको लेकर बयान दिया है और बताया है कि वो लॉर्डस टेस्ट में वह किस कारण से प्लेइंग 11 में जगह नहीं बना सके थे जिसके बाद यह चर्चा समाप्त होती नजर आ रही है। फील्डिंग कोच आर श्रीधर के साथ बात करते हुए रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वह बताते नजर आ रहे हैं कि लॉर्डस टेस्ट में उनका खेलना लगभग तय था लेकिन आखिरी समय में किस वजह से उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर रखा गया।

अश्विन ने बताया लॉर्डस टेस्ट में क्यों नही मिली जगह
अश्विन ने वीडियो में बताया कि प्लेइंग 11 में उनका खेलना तय था और मौसम भी काफी खुशनुमा बना हुआ था जिसके चलते मैच शुरू होने से पहले पिच काफी सूखू नजर आ रही थी। लेकिन जैसे ही मैच की सुबह बरसात हुई टीम को अपना प्लान बदलना पड़ा और 4 तेज गेंदबाजों के साथ जाना पड़ा।
उन्होंने कहा,'मजेदार बात है कि मैच से पहले टीम का रुख ऐसा था कि यहां पर गर्मी देखने को मिल रही है, धूप है तो तुम प्लीज तैयार रहना क्योंकि तुम शायद कल खेल सकते हो। वहीं जिस दिन मैच शुरू होना था तो सब नाश्ता करने पहुंचे और उसी दौरान बारिश शुरू हो गई। मैंने ऊपर देखकर कहा कि अब तुम गर्मी से यह नहीं कहोगे कि बारिश क्यों, मुझे उम्मीद देकर अंत में निराश कर दिया।'

शानदार लय में नजर आये हैं अश्विन
गौरतलब है कि टेस्ट क्रिकेट में रविचंद्रन अश्विन भारतीय टीम के लिये सबसे बड़ा हथियार बनकर उभरे हैं। आईसीसी की टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में अश्विन फिलहाल दूसरे पायदान पर काबिज हैं और पिछले कुछ महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है। इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में अश्विन ने 32 विकेट लिये थे और चेन्नई की मुश्किल पिच पर शानदार शतक लगाकर टीम को जीत दिलाई थी।
विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में भी उन्होंने अहम मौकों पर विकेट दिलाई थी और पैट कमिंस को पीछे छोड़ते हुए चैम्पियनशिप के पहले सत्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बने। अश्विन को अब हेडिंग्ले के मैदान पर वापसी करने की उम्मीद है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
