'सिर्फ मीडिया और फैन के लिये होते हैं रिकॉर्ड', T20 World Cup में भारत-न्यूजीलैंड की भिड़ंत पर बोले गौतम गंभीर
नई दिल्ली। बीसीसीआई की मेजबानी में 17 अक्टूबर से ओमान और संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित किये जाने वाले टी20 विश्व कप को लेकर आईसीसी ने हाल ही में शेड्यूल जारी किया है। क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में खेले जाने वाले इस मल्टी नेशन टूर्नामेंट की 5 साल बाद वापसी हो रही है जिसका फैन्स बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। भारत में कोरोना वायरस की तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए इसे यूएई में शिफ्ट किया गया है। इस बीच आईसीसी की ओर से जारी किये गये शेड्यूल में भारतीय टीम के मैचों ने फैन्स को काफी आकर्षित किया है।
जहां भारतीय टीम अपने टी20 विश्व कप का अभियान पाकिस्तान के खिलाफ 24 सितंबर को करेगी तो वहीं पर उसे टूर्नामेंट के दूसरे मैच में न्यूजीलैंड के साथ भिड़ना है। भारत के लिये आईसीसी टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड का सामना करना रास नहीं आ रहा है। 2019 के वनडे विश्वकप में भारतीय टीम को सेमीफाइनल मैच में हार का मुंह देखना पड़ा था तो वहीं पर हाल ही में खेली गई विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच में भी कीवी टीम ने भारत को पटखनी देते हुए चैम्पियनशिप अपने नाम कर ली।
और पढ़ें: NBA चैम्पियनशिप जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनें प्रिंसपाल सिंह, फाइनल में किया शानदार डेब्यू

न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहद खराब है भारत का रिकॉर्ड
हालिया रिकॉर्ड की बात छोड़ दें तो टी20 क्रिकेट में भी भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड कुछ अच्छा नहीं रहा है।2020 में न्यूजीलैंड दौरे से पहले भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मैचों में रिकॉर्ड सिर्फ 3-8 (जीत-हार) का था जिसमें से दो मैच उसने भारत में और एक मैच न्यूजीलैंड की सरजमीं पर जीता था, हालांकि इस दौरे पर भारत ने कीवी टीम को 5-0 से क्लीन स्वीप कर रिकॉर्ड को 8-8 कर दिया है। लेकिन इसके बावजूद भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड की टीम को आज तक एक बार भी नहीं हराया है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी टूर्नामेंट में भारतीय टीम के हालिया रिकॉर्ड को देखते हुए कई भारतीय फैन्स ने अपनी आशंका जताई है जिसको लेकर भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने मुंहतोड़ जवाब दिया है और कहा है कि रिकॉर्डस की बात सिर्फ मीडिया और फैन्स करते हैं।

पिछले नतीजे सिर्फ फैन्स और मीडिया के लिये
गौतम गंभीर का मानना है कि भले ही पिछले कुछ समय में आईसीसी टूर्नामेंट में खेले गये मैचों का रिजल्ट कीवी टीम के पक्ष में रहा हो लेकिन टी20 विश्व कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले इस मैच में बराबर की टक्कर देखने को मिलेगी। गंभीर का मानना है कि मैच के दिन रिकॉर्ड उतना मायने नहीं रखते हैं क्योंकि खिलाड़ी पुराने नतीजों के बारे में भूल चुके होते हैं।
स्टार स्पोर्टस के शो गेम प्लान में बात करते हुए उन्होंने कहा,'बेशक 50-50 रहने वाला है यह मैच। जब आप किसी बड़े टूर्नामेंट में खेलने जाते हैं तो रिकॉर्ड सिर्फ मीडिया और फैन्स के लिये ही मायने रखते हैं। यह रिकॉर्ड खिलाड़ियों के लिये मायने नहीं रखते और वो खुद भी इस बारे में नहीं सोचते हैं।'

निजी रिकॉर्ड के बारे में सोच सकता है खिलाड़ी
गौतम गंभीर का मानना है कि बड़े टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ी अपने निजी रिकॉर्ड के बारे में सोच सकता है, खासतौर से अगर कोई गेंदबाज किसी एक खिलाड़ी के खिलाफ संघर्ष कर रहा है तो यह बात उसके दिमाग में होगी। लेकिन विश्व कप में पाकिस्तान कभी भारत के खिलाफ नहीं जीता और भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं जीती, यह आंकड़े मायने नहीं रखते।
उन्होंने कहा,'बेशक भारत की टीम के पास इतना टैलेंट है कि वो न्यूजीलैंड को धूल चटा सकती है। आपके पास जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल शर्मा जैसे खिलाड़ी हैं। जब आपके पास ऐसे दिग्गज बल्लेबाज और गेंदबाज हों तो न्यूजीलैंड के लिये जीत हासिल करना आसान नहीं रहेगा।'

कीवी टीम को हल्के में नहीं ले सकती विराट सेना
गौरतलब है कि गौतम गंभीर ने भले ही इस मैच में भारतीय टीम को जीत का दावेदार बताया है लेकिन उनका मानना है कि विराट सेना कीवी टीम को हल्के में लेने की गलती नहीं कर सकती है क्योंकि फिलहाल केन विलियमसन की टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है।
उन्होंने कहा,'अब हम यह नहीं कह सकते कि न्यूजीलैंड की टीम अंडरडॉग है क्योंकि वह काफी ज्यादा संतुलित टीम बन चुकी है। उनके पास ट्रेंट बोल्ट, लॉकी फर्ग्यूसन हैं तो वहीं पर बल्लेबाजी में भी एक से बढ़कर एक बल्लेबाज शामिल हैं। इस कारण आपको उन्हें मात देनी है तो अच्छी क्रिकेट खेलनी होगी।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
