नई दिल्ली। नैरोबी में जारी विश्व एथेलेटिक्स चैम्पियनशिप अंडर 20 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का दौर लगातार जारी है। भारतीय एथलीट शैली सिंह ने शुक्रवार को महिलाओं की लंबी कूद के इवेंट में शानदार जम्प लगाते हुए ऑटो क्वॉलिफिकेशन के तहत फाइनल की सीट बुक करा ली है। ग्रुप बी के क्वालिफाइंग इवेंट मुकाबले में शैली सिंह ने 6.40 मीटर लंबी छलांग लगाई और इवेंट में अपना तीसरा बेस्ट देते हुए फाइनल के लिये क्वालिफाई कर गई। भारतीय एथलीट शैली सिंह ने लॉन्ग जम्प क्वालिफिकेशन में टॉप पर फिनिश किया।
शैली ने अपने पहले प्रयास में 6.34 मीटर लंबी छलांग लगाई जबकि दूसरे प्रयास में उन्होंने 5.98 मीटर की दूरी तय की। हालांकि लॉन्ग जम्प के फाइनल में पहुंचने के लिये तय दूरी 6.35 मीटर की रखी गई थी। अपने तीसरे प्रयास में शैली ने इसे बेहतर करते हुए 6.40 मीटर की छलांग लगाई और सीधे फाइनल में पहुंच गई। अब शैली रविवार को लॉन्ग के फाइनल में पदक के लिये छलांग लगाती नजर आयेंगी जो कि शाम 6:55 पर आयोजित किया जायेगा।
और पढ़ें: NBA चैम्पियनशिप जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनें प्रिंसपाल सिंह, फाइनल में किया शानदार डेब्यू
वहीं शैली से पहले भारतीय धाविका नंदिनी अगसारा ने भी 100 मीटर पगबाधा दौड़ के सेमीफाइनल में जगह बना ली है और आज शाम को 5:35 पर खेले जाने वाले सेमीफाइनल मैच में अच्छा प्रदर्शन कर वह फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिये उतरेंगी। नंदिनी ने सेमीफाइनल मुकाबले में जगह बनाने के लिये 100 मीटर पगबाधा की दौड़ को पूरा करने में 14.18 सेकेंडस का समय लिया।
स्पोर्टस अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर नैरोबी में जारी इस मल्टी नेशन इवेंट की अपडेट देते हुए खिलाड़ियों की उपलब्धि के बारे में लिखा है। इससे पहले भारतीय दल के रोहन कांबले ने गुरुवार को 400 मीटर की पगबाधा दौड़ के सेमीफाइनल मुकाबले में जगह बनाकर फैन्स के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया था। बुधवार को 4X400 मीटर रेस में भारतीय टीम के ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद इस कैटेगरी में जगह बना कर अगले राउंड में पहुंचने वाले वह इकलौते एथलीट बने।
विश्व एथलेटिक्स के अध्यक्ष लॉर्ड सेबास्टियन को ने गुरुवार को भारतीय दल से मुलाकात कर कांबले का साहस बढ़ाया था जिसके बाद कांबले ने 400 मीटर की पगबाधा रेस में चौथे पायदान पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की की। रोहन कांबले ने 55 सेंकेंडस में रेस को पूरा किया।
उल्लेखनीय है कि मोरक्को के साद हिंती भाग ही नहीं सके थे तो वहीं पर कतर के अमर एदाद ने गलत शुरुआत की जिसके चलते डिस्कवालिफाई हो गये। ऐसे में कांबले को सिर्फ रेस पूरी करनी थी। भारत के हरदीप कुमार दौड़ते वक्त एक बैरिकेड से टकरा गये थे जिसके बाद उनका कुल समय1:12.80 का हो गया।
आपको बता दें कि एथलेटिक्स में शुक्रवार को पुरुषों के भाला फेंक का फाइनल मैच खेला जाना है जिसमें पोडियम पर फिनिश करने के लिये कुंवर अजय राज सिंह राणा को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा, वहीं पर पूजा 1500 मीटर फाइनल में अपनी जगह बनाने की ओर देख रही होंगी।