
विश्वकप में एक्स फैक्टर बनेंगा यह खिलाड़ी
एबीपी न्यूज के साथ बात करते हुए दिनेश कार्तिक ने कहा कि मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती टी20 विश्वकप 2021 में भारत के लिये एक्स फैक्टर बनेंगे। कार्तिक ने बताया कि आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ खेलते हुए उन्होंने वरुण चक्रवर्ती का सामना किया है और उनका मानना है कि वो विश्वकप में कई टीमों के खिलाफ भारतीय टीम की जीत की चाबी बनेंगे, क्योंकि कई टीमें उन्हें पहली बार खेलती नजर आयेंगी।
उन्होंने कहा,'पिछले कुछ सालों में भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी अटैक काफी सुधरा है और यही वजह है कि हम विदेशी सरजमीं पर जीतने लगे हैं। हमारी गेंदबाजी अटैक में जसप्रीत बुमराह, भुवी (भुवनेश्वर कुमार), मोहम्मद शमी और शार्दुल ठाकुर काफी कमाल के गेंदबाज हैं। इनके अलावा वरुण चक्रवर्ती का जुड़ना इसे और खतरनाक बनाता है। चक्रवर्ती भारतीय टीम के एक्स फैक्टर होंगे, जिन्हें ज्यादा बल्लेबाजों ने नहीं खेला है। वह उन खिलाड़ियों में शुमार हैं जो कि आसानी से नहीं मिलते हैं, वह मिस्ट्री स्पिनर हैं।'

पाकिस्तान के खिलाफ जरूर होगा टीम में शामिल
हाल ही में समाप्त हुई इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन में वरुण चक्रवर्ती ने 17 मैचों में 6.58 की इकॉनमी से 19 विकेट हासिल किये और सबसे असरदार स्पिन गेंदबाज बनें। आईपीएल 2021 के पहले लेग में खराब प्रदर्शन करने वाली केकेआर की टीम को दूसरे लेग में फाइनल तक का सफर तय कराने में वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन का बड़ा हाथ रहा जिन्होंने यूएई में अच्छी गेंदबाजी कर टीम की वापसी करायी। उनके प्रदर्शन पर बात करते हुए दिनेश कार्तिक ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महामुकाबले में चक्रवर्ती 100 प्रतिशत खेलते नजर आयेंगे।
उन्होंने कहा,'पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में वह 100 प्रतिशत खेलेंगे, इसमें कोई भी शक नहीं है। पाकिस्तान के खिलाफ भारत का बॉलिंग अटैक वरुण चक्रवर्ती, रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर और जसप्रीत बुमराह से सुसज्जित होगा, जबकि शमी और भुवी में से कोई एक बॉलर टीम का 5वां गेंदबाज होगा।'

प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट बन सकते हैं चक्रवर्ती
चेन्नई में जन्मे क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने वरुण चक्रवर्ती को पाकिस्तान के खिलाफ गेमचेंजर खिलाड़ी बताने के साथ ही 2021 विश्वकप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट हासिल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शुमार भी बताया। कार्तिक का मानना है कि टी20 विश्वकप में वरुण चक्रवर्ती के प्रदर्शन पर सभी की नजरें होंगी।
उन्होंने कहा,'मुझे काफी खुशी होगी अगर वरुण चक्रवर्ती इस टूर्नामेंट में कुछ खास करते नजर आयें। वह काफी अच्छे नजर आ रहे हैं और आईपीएल के सबसे किफायती गेंदबाजों में शुमार रहे हैं, जहां पर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज खेलते नजर आते हैं। मैं चाहता हूं कि वो प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनें क्योंकि वो एक एक्स फैक्टर खिलाड़ी हैं।'


Click it and Unblock the Notifications
