
चौथी बार एडम जाम्पा ने विराट कोहली को सस्ते में भेजा पवेलियन
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये भारतीय कप्तान विराट कोहली महज 14 गेंद खेलकर 16 रन बना सके। एडम जाम्पा ने विराट को अपनी ही गेंद पर कॉट एंड बोल्ड किया। विराट कोहली और एडम जाम्पा का यह 7वां मुकाबला था जब वो एक-दूसरे का सामना कर रहे थे और यह चौथी बार था जब विराट कोहली उन्हें अपना विकेट थमाकर वापस पवेलियन लौटे।
विराट कोहली ने इस दौरान जाम्पा की 97 गेंदों का सामना किया और 126 रन बनाये, लेकिन 7 में से 4 बार इस गेंदबाज को अपनी विकेट देना यह साफ कर रहा है कि वह किस तरह से उनके दिमाग पर हावी हो रहा है।

विराट को परेशान करने वाले खास गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हुए जाम्पा
विराट कोहली का एडम जाम्पा के खिलाफ वनडे क्रिकेट में काफी शानदार रिकॉर्ड है। विराट ने जाम्पा के खिलाफ 7 पारियों में 31.5 की औसत से रन बनाये हैं लेकिन 4 बार जब भी वो आउट हुए हैं वह बेहद खराब शॉट खेलकर जो कि विराट कोहली से बेहद कम ही देखने को मिलता है। वानखेड़े में भी विराट कोहली ने एडम जाम्पा की गेंद पर जबरदस्त छक्का जड़ा और अगली ही गेंद पर कैच थमाकर वापस पवेलियन लौट गये।
विराट कोहली को इस प्रारूप में 4 बार आउट करने वाले जाम्पा तीसरे स्पिन गेंदबाज बन गये हैं। उनसे पहले ग्रीम स्वान और सूरज रांडिव ने यह कारनामा किया है।
|
जाम्पा ने पकड़ा बेहद फुर्तीला कैच, देखें वीडियो
विराट कोहली के खिलाफ जितना शानदार जाम्पा का रिकॉर्ड होता जा रहा है, मंगलवार को उन्होंने उतना ही शानदार कैच विराट कोहली के खिलाफ पकड़ा और भारत को बैकफुट पर धकेल दिया। पिछली गेंद पर छक्का खाने के बाद एडम जाम्पा एक बार फिर विराट कोहली को गेंद फेंकने पहुंचे, जाम्पा ने गुगली फेंकी और विराट कोहली इसे गेंदबाज के सिर के ऊपर से मारना चाहते थे, लेकिन दूसरी तरफ चुस्त जाम्पा ने इसे जाने नहीं दिया।
जाम्पा ने बेहद शानदार कैच पकड़कर विराट कोहली को वापस पवेलियन भेजा।


Click it and Unblock the Notifications
