INDvAUS: टिम पेन के चैलेंज पर विराट कोहली ने दिया मुंहतोड़ जवाब, पिंक बॉल टेस्ट पर जानें क्या बोले
नई दिल्ली। भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलिया टीम के लिये सीरीज से पहले अच्छी खबर आ गई है। साल के आखिर में गावस्कर-बॉर्डर ट्रॉफी खेलने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने के लिये हामी भर दी है। इतना ही नही कप्तान विराट कोहली न्यूजीलैंड दौरे पर भी पिंक बॉल टेस्ट मैच खेलने को तैयार हैं। उल्लेखनीय है कि साल 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भारत से डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने की गुजारिश की थो तो विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम ने इंकार कर दिया था।
और पढ़ें: IND vs AUS: वानखेड़े वनडे से पहले विराट कोहली ने सुलझाई सलामी बल्लेबाजों की गुत्थी, जानें क्या बोले
हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ पहला डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने साफ कर दिया कि वह अगले ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर गुलाबी गेंद से खेलने को तैयार है। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत के दौरे पर है, जहां दोनों टीमें तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेंगी। पहला मैच वानखड़े स्टेडियम में मंगलवार को खेला जाएगा।
और पढ़ें: IND vs AUS: रिकी पोंटिंग ने की भविष्यवाणी, बताया कौन बनेगा वनडे सीरीज का विजेता, यह खिलाड़ी होगा अहम

ऑस्ट्रेलिया में पिंक बॉल टेस्ट खेलने को तैयार विराट कोहली
मैच से पहले विराट कोहली ने काफी समय से चले आ रही अटकलों को विराम दिया और साफ किया कि उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया में डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने को तैयार है।
विराट कोहली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, 'हमने यहां डे-नाइट टेस्ट मैच खेला है। यह जिस तरह से यह हुआ उससे हम खुश हैं और यह किसी भी टेस्ट सीरीज का अच्छा हिस्सा बन गया है और हम डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने के लिए तैयार हैं।'

विराट कोहली ने टिम पेन के चैलेंज पर दिया जवाब, कहा- कहीं भी करा लो मैच
विराट कोहली ने इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट टीम कप्तान टिम पेन के चैलेंज पर करारा जवाब देते हुए कहा कि हमें फर्क नहीं पड़ता मैच किस मैदान पर होना है।
उन्होंने कहा, 'हम पूरी तरह से चुनौती के लिए तैयार हैं, चाहे वो गाबा हो या पर्थ, हमें फर्क नहीं पड़ता। हमारी टीम के पास अब कहीं भी किसी भी प्रारूप में विश्व के किसी भी कोने में किसी भी टीम से भिड़ने की काबिलियत है।'
गौरतलब है कि गाबा के मैदान पर पाकिस्तान को हराने के बाद टिम पेन ने कहा था कि हम चाहेंगे कि भारत इस बार पिंक बॉल टेस्ट जरूर खेले और खास तौर से गाबा के मैदान पर। उल्लेखनीय है कि गाबा के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया पिछले 3 दशक से एक भी मैच नहीं हारा है।

आत्म-विश्वास से भरपूर है भारतीय टीम
उल्लेखनीय है कि विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पिछले दौरे पर ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में 2-1 से हराया था और पहली बार इतने साल में कोई टेस्ट सीरीज जीती थी। हालांकि विराट कोहली ने इस बात को स्वीकार किया कि मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई टीम पिछली बार की तुलना में ज्यादा मजबूत है।
कोहली ने कहा, 'हम पिछली बार जीते थे यह बात हमें अगले दौरे पर आत्मविश्वास देगी और मुझे लगता है कि बल्लेबाजी और गेंदबाजी के लिहाज से इस बार सीरीज काफी मुश्किल होगी। ईमानदारी से कहूं तो, अगर आप वार्नर और स्मिथ को हटा दें तो पिछली बार उनकी टीम के लिए खिलाड़ी इतने अनुभवी नहीं थे। लाबुशैन आए थे लेकिन सिर्फ एक मैच खेले थे। पिछले ग्रीष्मकाल में उन्होंने जिस तरह से क्रिकेट खेली है वो शानदार है।'

मौजूदा दौर में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी को तोड़ना मुश्किल, लेकिन नामुमकिन नही
टीम में स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर की वापसी हो चुकी है। यह दोनों उस दौरे पर नहीं थे क्योंकि बॉल टेम्परिंग के कारण एक साल का प्रतिबंध झेल रहे थे। अब दोनों वापस आ चुके हैं और इन दोनों के अलावा टीम के पास मार्नस लाबुशैन जैसा प्रतिभाशाली बल्लेबाज भी है।
कप्तान ने कहा, 'इसलिए हां इस बार इस बल्लेबाजी क्रम को तोड़ना चुनौती होगा। आस्ट्रेलिया जाते हुए आप कुछ भी आसान होने की उम्मीद नहीं कर सकते। इसलिए हमें एक टीम के तौर पर अपने आप को चुनौती देनी होगी। अभी हम विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में शीर्ष-2 में हैं। इसलिए सीरीज शानदार होगी।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
