नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश के साथ शुरु हो रही आगामी तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए कप्तान रोहित शर्मा आज दिल्ली पहुंच गए हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद खराब मौसम और प्रदूषण को लेकर चल रहे वाद-विवाद पर रोहित शर्मा ने अपना पक्ष रखा है। रोहित शर्मा ने कहा कि उन्हें राजधानी के मौसम से कोई परेशानी नहीं है। भारत और बांग्लादेश को तीन मैचों की सीरीज का पहला टी-20 मैच रविवार को यहां अरुण जेटली स्टेडियम में खेलना है। विराट कोहली की अनुपस्थिति में यह सलामी बल्लेबाज रविवार से यहां बांग्लादेश के खिलाफ शुरू होने वाली टी20 श्रृंखला में भारतीय टीम की अगुआई करेंगे।
रोहित ने कहा, 'मैं अभी उतरा हूं (हवाई जहाज से) और मेरे पास यहां के मौसम का मूल्यांकन करने का समय नहीं था। जहां तक मुझे पता है कि मैच तीन नवंबर को होना है और यह होगा।'
और पढ़ें: पाकिस्तान की तरफ से जिसने जीते सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच, वो टेस्ट में साबित हुआ फिसड्डी
उन्होंने कहा, 'जब हम यहां (श्रीलंका के खिलाफ) टेस्ट मैच खेले थे तो हमें कोई समस्या नहीं हुई थी। मुझे पहले भी कोई समस्या नहीं हुई थी और अब भी नहीं है।'
रोहित शर्मा ने कहा कि वह टीम के कप्तान की भूमिका का लुत्फ उठाते हैं और उन्हें इस बात की कोई फिक्र नहीं है कि उन्हें सीमित ओवर्स के प्रारूप में भारतीय टीम की कमान स्थायी रूप से सौंपी जायेगी या नहीं। भारत के नियमित कप्तान विराट कोहली को वर्कलोड मैनेजमेंट के अंतर्गत टी20 श्रृंखला के लिये आराम दिया गया है।
हाल ही में यह बहस भी चल रही थी कि भारत को अलग प्रारूपों में अलग कप्तान रखने के विचार को अपनाना चाहिए और रोहित को सीमित ओवर के प्रारूप में टीम की कमान देनी चाहिए। मुंबई के इस स्टाइलिश बल्लेबाज ने हालांकि इस बहस में पड़ने से इनकार कर दिया और कहा कि वह परिस्थितियों की मांग के हिसाब से जरूरत पड़ने पर कप्तानी करने में खुश हैं।
रोहित शर्मा ने कहा, 'ये (कप्तानी संबंधित फैसले) चीजें हमारे हाथ में नहीं है। चाहे आप एक मैच में कप्तान हों या फिर 100 मैच में, यह सम्मान की बात है।'
और पढ़ें: इन 6 खिलाड़ियों ने क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा बार पलटा मैच का पासा, जीता मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड
उन्होंने कहा, 'जब हम बड़े हो रहे थे, तो देश के लिये खेलने की बात सबसे अहम थी। मैंने टीम की कप्तानी की और इसका अनुभव अच्छा रहा है। मैं इसके बारे में नहीं सोचता कि मुझे कितने समय के लिये कप्तान बनाया जाना चाहिए। जब भी मुझे टीम की कप्तानी करने का मौका मिलेगा, मैं इसका लुत्फ उठाऊंगा और सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश करूंगा।'