IND vs ENG: रोहित-राहुल के दम पर लॉर्डस में भारत का दबदबा, इंग्लिश गेंदबाजों को जमकर पीटा
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच लॉर्डस के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जा रहा है जिसका पहला दिन पूरी तरह से भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान जो रूट ने इस मैच में एक बार फिर से टॉस जीता लेकिन सभी को चौंकाते हुए गेंदबाजी का फैसला किया, हालांकि विराट कोहली ने भी सब को हैरान करते हुए कहा कि परिस्थितियों को देखते हुए वो भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। भारतीय टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और केएल राहुल ने सलामी जोड़ी के रूप में पारी का आगाज किया और इंग्लैंड दौरे पर लगातार दूसरी बार अच्छी शुरुआत देते हुए 2007 के बाद पहली बार शतकीय साझेदारी करने का कारनामा किया।
भारतीय टीम के लिये रोहित शर्मा (83) और केएल राहुल की जोड़ी ने पहले विकेट के लिये 126 रनों की साझेदारी की और 1952 के बाद पहली बार लॉर्डस के मैदान पर शतकीय साझेदारी करने वाली सलामी जोड़ी बनी। रोहित शर्मा ने अपनी इस पारी में 145 गेंदों का सामना कर 11 चौके और एक छक्के की मदद से 83 रनों का स्कोर खड़ा किया। हालांकि वो इंग्लैंड की सरजमीं पर बतौर ओपनर अपना पहला शतक लगाने से चूक गये।
और पढ़ें: '1980 से आगे बढ़ो अज्जू भाई', जानें क्यों सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे हैं मोहम्मद अजहरुद्दीन
इंग्लैंड की टीम के लिये जेम्स एंडरसन एक बार फिर संकटमोचक की भूमिका में नजर आये और रोहित शर्मा को बोल्ड कर अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई। वहीं पर चेतेश्वर पुजारा का फ्लॉप शो लॉर्डस के मैदान पर भी देखने को मिला जहां पर वो सिर्फ 9 रन बनाकर एंडरसन का दूसरा शिकार बने।
पुजारा के आउट होने के बाद भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली (42) ने मैदान पर कदम रखा और केएल राहुल के साथ पारी को आगे बढ़ाते हुए तीसरे विकेट के लिये 117 रनों की साझेदारी की। इस दौरान केएल राहुल ने अपने टेस्ट करियर का छठा शतक लगाया और लॉर्डस के मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय सलामी बल्लेबाज बन गये। लॉर्डस के मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज का रिकॉर्ड वीनू मांकड़ के नाम है जिन्होंने 184 रनों की पारी खेली थी, वहीं पर केएल राहुल ने पहले दिन के अंत तक नाबाद 127 रन बना लिये हैं।
और पढ़ें: IND vs ENG: टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे अनलकी कप्तान बने कोहली, तोड़ा धोनी का शर्मनाक रिकॉर्ड
वहीं पर ऑली रॉबिन्सन ने कप्तान विराट कोहली को स्लिप पर खड़े जो रूट के हाथों कैच कराकर भारतीय टीम का तीसरा विकेट हासिल किया। विराट कोहली ने इस दौरान 103 गेंदों का सामना किया और 3 चौके लगाकर 42 रनों की पारी खेली। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भारतीय टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 276 रनों का अच्छा खासा स्कोर खड़ा कर लिया है, जहां से भारतीय टीम की स्थिति काफी मजबूत नजर आ रही है। भारतीय टीम के लिये फिलहाल केएल राहुल नाबाद 127 रन बनाकर खेल रहे हैं तो वहीं दूसरे छोर पर अजिंक्य रहाणे 1 रन बनाकर खेल रहे हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications