IND vs ENG: टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे अनलकी कप्तान बने कोहली, तोड़ा धोनी का शर्मनाक रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच लॉर्डस के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर भारतीय कप्तान विराट कोहली को एक बार फिर से टॉस में हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड के खिलाफ उसकी सरजमीं पर बतौर कप्तान यह विराट कोहली का 8वां टेस्ट मैच है और भारतीय कप्तान को अब तक एक बार भी टॉस में जीत नहीं मिल सकी है। टॉस के मामले में भारतीय कप्तान विराट कोहली की किस्मत बाकी भारतीय कप्तानों से काफी खराब है, इसका पता इस बात से ही चलता है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वो 203 मैचों में भारतीय टीम के लिये टॉस करने उतरे हैं और इस दौरान उनका टॉस जीत प्रतिशत 0.41 ही है।
विराट कोहली ने भारत के लिये 203 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में से सिर्फ 85 मैचों के दौरान ही टॉस में जीत हासिल की है, जबकि 158 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि इस दौरान उन्होंने भारतीय टीम को 128 मैचों में जीत जरूर दिलाई है और अपना जीत प्रतिशत बेहद शानदार रखा है। विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने 128 मैचों में जीत हासिल की है जबकि 56 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इस दौरान 3 मैच टाय और 11 मैच ड्रॉ पर भी समाप्त हुए हैं।
और पढ़ें: IND vs ENG: जानें कौन हैं लॉर्डस टेस्ट में खेलने वाले हासिब हमीद, 5 साल बाद कर रहे हैं वापसी

सबसे अनलकी कप्तान बनें विराट कोहली
उल्लेखनीय है कि लॉर्डस के ऐतिहासिक मैदान पर टॉस में हार के साथ ही भारतीय कप्तान विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में टॉस न जीत पाने वाले भारत के सबसे अनलकी कप्तान भी बन गये हैं। विराट कोहली ने इस मामले में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ा है। विराट कोहली भारत के लिये 63वें मैच में कप्तानी कर रहे हैं लेकिन इस दौरान उन्होंने 36वीं बार टॉस में हार का सामना किया है। कोहली भारत के लिये टेस्ट क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान साबित हुए हैं लेकिन टॉस के मामले में सबसे अनलकी कप्तान बने हैं। इस फेहरिस्त में दूसरा नाम महेंद्र सिंह धोनी का है जिन्होंने 60 मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की और 34 बार भारत के लिये टॉस में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

सौरव गांगुली-गावस्कर का नाम भी है शामिल
भारतीय क्रिकेट टीम के लिये टॉस में सबसे ज्यादा बार हार करने वाले कप्तानों की लिस्ट में सौरव गांगुली का नाम भी शुमार है जिन्होंने 49 टेस्ट मैच में भारतीय टीम की कप्तानी की। इस दौरान उन्हें 28 बार हार का सामना करना पड़ा तो वहीं पर सिर्फ 21 बार ही जीत हासिल हो सकी। वहीं पर टेस्ट क्रिकेट में सबसे पहले 10 हजार रन बनाने वाले भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर का नाम भी इस फेहरिस्त में शामिल है जिन्होंने 47 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की और 25 बार उन्हें टॉस में हार का सामना करना पड़ा है।

पटौदी-कपिल देव भी थे अनलकी
भारतीय क्रिकेट टीम के लिये टॉस में सबसे अनलकी कप्तानों की लिस्ट में भारत के पूर्व कप्तान मंसूर अली खान पटौदी का भी नाम शुमार है जिन्होंने 40 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की और 50 प्रतिशत मैचों में टॉस हार का सामना किया। मंसूर अली खान पटौदी को 20 मैचों में टॉस हार का सामना करना पड़ा। वहीं पर इस फेहरिस्त में 1983 विश्व कप विजेता कपिल देव का नाम भी शामिल है जिन्हें अपनी कप्तानी के दौरान 19 बार टॉस में हार का सामना करना पड़ा है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications