India vs England 2nd Test Match Tickets are available on Paytm price lies between 100-200: नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 4 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच 13 फरवरी से चेपॉक के मैदान पर खेला जाना है जिसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि सीरीज के दूसरे मैच में दर्शकों की भी स्टेडियम में वापसी हो रही है जिसको लेकर तमिलनाडु क्रिकेट संघ ने टिकटों की बिक्री शुरू कर दी है। टीएनएसीए के सचिव आरएस रामास्वामी से मिली जानकारी के अनुसार 5000 दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में सिर्फ 50 फीसदी सीटों पर टिकटों की बिक्री की जायेगी। इसके साथ ही स्टेडियम में साल 2012 से बंद पड़े 3 स्टैंड 'आई', 'जे' और 'के' को भी खोला जा रहा है, जिसे 2012 में भारत-पाकिस्तान वनडे मैच के बाद अब तक नहीं खोला गया है।
एम चिदंबरम स्टेडियम के यह 3 स्टैंड 12 हजार दर्शकों को बिठाने की क्षमता रखते हैं। टीएनसीए और राज्य सरकार के बीच कुछ विवाद के चलते इन स्टैंड को सील कर दिया गया था जिसके बाद इस स्टेडियम को 2016 टी20 विश्व कप और आईपीएल 2019 के फाइनल मैच की मेजबानी से हाथ धोना पड़ा था।
और पढ़ें: IND vs ENG: जो रूट ने किया खुलासा, बताया चेन्नई में 400 रन के बावजूद क्यों नहीं की पारी घोषित
गौरतलब है कि दूसरे टेस्ट मैच में दर्शकों की वापसी के साथ ही भारत तीसरा ऐसा देश बन जायेगा जिसने कोरोना वायरस की महामारी के बीच अपने स्टेडियम को दर्शकों के लिये खोला और किसी अंतर्राष्ट्रीय मैच का आयोजन किया। इस बीच टिकटों को बुक करने के लिये पेटीएम और इनसाइडर की वेबसाइट से या फिर एप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
वहीं दर्शकों के लिये टिकटों का मूल्य 100 से 200 रुपये के बीच रखा गया है। सी,डी और ई स्टैंड की सीटों का दाम 100 रुपये, डी एवं ई की अपर, और एफ, जी, एच, आई, जे और के की लोवर सीटों का दाम 150 रुपये रखा गया है। जबकि आई, जे और के की अपर सीटों का दाम 200 रुपये है।
आपको बता दें कि इस मैच के लिये बीसीसीआई ने लाइव एरियल सिनेमैटोग्राफी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल करने की इजाजत भी दे दी है। बीसीसीआई ने यह इजाजत मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन एंड डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) की ओर से सशर्त मंजूरी के बाद दी है।