IND vs ENG: हेडिंग्ले में रोहित-कोहली ने भारत को तीसरे दिन बचाया, शतक के करीब चेतेश्वर पुजारा
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच हेडिंग्ले के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर विराट सेना की विदेशी सरजमीं पर वापसी करने का सिलसिला जारी है। सीरीज में पहली बार एक ऐसा मैच को देखने को मिल रहा था जहां पर इंग्लैंड की टीम के लिये लगातार 7 सीजन उसके पक्ष में रहे। इंग्लैंड की टीम ने इस दौरान 7 में से 5 सेशन में जीत हासिल की और 2 सेशन शेयर्ड रहे। सेशन जीत का यह आंकड़ा साफ दर्शाता है कि पहले दो दिन भारत की स्थिति क्या थी।
टॉस जीतने के पहले बल्लेबाजी करने का फैसला भारतीय टीम के पक्ष में नहीं गया और उसने पहली पारी में सिर्फ 78 रन का ही स्कोर खड़ा किया, जवाब में इंग्लैंड की टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 8 विकेट खोकर 423 रन बना लिये थे। तीसरे दिन का खेल शुरू हुआ तो भारत के लिये मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड को ज्यादा रन नहीं बनाने दिये और 432 रन के स्कोर पर समेट दिया। हालांकि इसके बावजूद इंग्लैंड की टीम के पास 354 रनों की विशाल बढ़त जरूर हो गई थी।
और पढ़ें: IND vs ENG: अंपायर्स कॉल ने तोड़ा रोहित के शतक लगाने का सपना, खास रिकॉर्ड बना हुए आउट
कई दिग्गजों का मानना था कि भारतीय टीम ने जिस तरह से पहली पारी में बल्लेबाजी की है शायद वह तीसरे दिन इंग्लिश गेंदबाजों का सामना न कर पाये और बढ़त के अंदर ऑल आउट होकर पारी से मैच हार जाये। लेकिन भारतीय टीम के लिये एक बार फिर से वापसी का सिलसिला दूसरी पारी में देखने को मिला।
भारत के लिये केएल राहुल और रोहित शर्मा ने पारी का आगाज किया और पहले सेशन में 19 ओवर्स संभल कर खेले और कोई जल्दबाजी न दिखाते हुए शानदार शुरुआत की। हालांकि क्रेग ओवर्टन की गेंद पर जॉनी बेयरस्टो ने बेहद शानदार कैच लपक कर केएल राहुल को वापस पवेलियन भेजा और पहला सेशन एक बार फिर शेयर्ड रहा और भारतीय टीम एक विकेट के नुकसान पर सिर्फ 34 रन ही बना सकी।
लंच के बाद रोहित शर्मा (59) और चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 91) ने मैदान पर कदम रखा और सभी को हैरान करते हुए तेजी से रन बटोरे। जहां हिटमैन ने अपने टेस्ट करियर का 14वां अर्धशतक पूरा किया तो वहीं पर पुजारा ने भी अपने टेस्ट करियर का 30वां अर्धशतक लगाया और लगभग 20 पारियों से चले आ रहे बड़े स्कोर के सूखे को मिटाया। दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिये 82 रन की साझेदारी की और जब ऐसा लग रहा था कि रोहित शर्मा जिस आसानी से खेल रहे हैं आज शतक लगाते हुए नजर आ सकते हैं, तभी रॉबिन्सन की एक गेंद पर एलबीडब्ल्यू होकर वापस पवेलियन लौटे।
और पढ़ें: IND vs ENG: रोहित शर्मा ने ढूंढ निकाला पुल शॉट का विकल्प, हेडिंग्ले में तोड़ा कपिल देव का रिकॉर्ड
हालांकि इसके बाद भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली (नाबाद 45) और चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 91) ने इंग्लैंड को अपना विकेट देने से इंकार कर दिया और तीसरे विकेट के लिये 99 रनों की साझेदारी कर ली है। जहां भारतीय कप्तान विराट कोहली अपने अर्धशतक को पूरा करने की ओर हैं तो वहीं पर पुजारा 2019 के बाद अपना पहला शतक लगाने की ओर बढ़ रहे हैं। मैच को खराब रोशनी के चलते जल्दी रोकना पड़ा। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 2 विकेट खोकर 215 रन बना लिये हैं और फिलहाल इंग्लैंड के मुकाबले 139 रन पीछे है। आपको बता दें कि भले ही भारतीय टीम अभी भी मैच में पीछे नजर आ रही है लेकिन विराट सेना ने कमबैक की शुरुआत कर दी है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications