
9 ओवर में 80 रन देने वाले पहले गेंदबाज बन थे शार्दुल ठाकुर
पहले मैच में भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो शार्दुल ठाकुर काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने 9 ओवर की गेंदबाजी के दौरान 8.89 की औसत से 80 रन दिये जो कि भारतीय टीम को काफी महंगा पड़ा। यहां तक की वह पहले ऐसे भारतीय गेंदबाज बन गये जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ बिना 10 ओवर पूरे किये 80 या उससे ज्यादा रन लुटाये हों।
शार्दुल ठाकुर ने अब तक 9 वनडे मैच खेले हैं और इसके दौरान 6 मैच में उन्होंने 6 से ज्यादा की औसत से रन लुटाये हैं। शनिवार को ऑकलैंड में दूसरे मैच से पहले कपिल देव चाहते हैं कि कप्तान विराट कोहली कीवी टीम के खिलाफ शार्दुल ठाकुर को आराम देकर नवदीप सैनी को शामिल किया जाये।

नवदीप सैनी को मिलनी चाहिये जगह
टीवी चैनल को दिये गये इंटरव्यू के दौरान कपिल देव ने कहा कि वो चाहते हैं कि भारतीय टीम में इस युवा गेंदबाज नवदीप सैनी को शामिल किया जाये। ऐसा इसलिये नही कि किसी ने खराब गेंदबाजी की बल्कि इसलिये कि वह टीम में जगह डिजर्व करते हैं।
उन्होंने कहा,' आपको टीम में एक ऐसे गेंदबाज की जरूरत है जो कि आपको विकेट निकाल कर दे सके। पहले मैच में हार का सामना करने के बाद यह बेहद जरूरी है कि भारतीय टीम प्लेइंग इलेवन में नवदीप सैनी को शामिल करे। वह अपनी विकेट निकालने की काबिलियत के चलते टीम में जगह डिजर्व करता है। आप बुमराह को ही देख लीजिये। उसने अपनी काबिलियत के दम पर कीवी बल्लेबाजों को उसे संभलकर खेलने पर मजबूर कर दियया है। नवदीप सैनी में भी यही काबिलियत है।'

पसंद के आधार पर नहीं होना चाहिये टीम का चयन
कपिल देव ने प्लेइंग इलेवन को लेकर साफ किया कि इसका चयन किसी की पसंद और नापसंद के आधार पर नहीं होना चाहिये। यह टीम की जरूरत के हिसाब से होना चाहिये।
उन्होंने कहा,'टीम का चयन पसंद-नापसंद के आधार पर नहीं होना चाहिये। यह टीम की जरूरत को ध्यान में तैयार किया जाना चाहिये। आपको एक ऐसे कॉम्बिनेशन की जरूरत होती है जो आपको मैच जिता सके।'

फील्डिंग कोच ने बताया- गिर गया है भारतीय फील्डिंग का स्तर
इस बीच भारतीय टीम फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने पहले मैच में भारतीय टीम की फील्डिंग की आलोचना करते हुए कहा कि आप एक विकेट के बदले 4 रन का मोल-भाव कर सकते हो लेकिन मैदान पर ऐसे कैच नहीं छोड़ सकते। कुलदीप यादव को उस कैच को पकड़ना चाहिये था। वह उस स्थिति में भारत के मजबूत फील्डर्स में से एक थे।
आपको बता दें कि हैमिल्टन में खेले गये मैच में रोस टेलर जब 12 रन पर खेल रहे थे तो रविंद्र जडेजा की गेंद पर कुलदीप यादव ने उनका कैच छोड़ दिया था जो कि भारतीय टीम को काफी भारी पड़ा और वो कीवी टीम को मैच जिताकर वापस लौटे।


Click it and Unblock the Notifications
