IND vs NZ: जानें कैसा रहा वानखेड़े टेस्ट का पहला दिन, यह रही मैच की 3 बड़ी बातें
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मैच वानखेड़े के मैदान पर खेला जा रहा जिसका पहला दिन समाप्त होने के बाद भारतीय टीम 4 विकेट खोकर 221 रन बना चुकी है। वानखेड़े के मैदान पर खेला जा रहा यह टेस्ट मैच बारिश और गीली पिच की वजह से देरी से शुरू हुआ जिसके बाद पहले दिन सिर्फ 70 ओवर्स का खेल हो सका और खराब रोशनी के चलते मैच को रोकना पड़ा। भारतीय टीम के लिये इस मैच में कप्तान विराट कोहली की वापसी जरूर हुई लेकिन चोट की वजह से अजिंक्य रहाणे, रविंद्र जडेजा और ईशांत शर्मा को बाहर होना पड़ा। वहीं उनकी जगह टीम में कोहली के साथ जयंत यादव और ईशांत शर्मा को मौका दिया गया है।
और पढ़ें: IND vs NZ: वापसी के बाद फिर से डक पर आउट हुए कोहली, नाम किया बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड
बारिश के चलते मैच का पहला सेशन धुल गया था जिसके बाद भारतीय टीम के लिये शुबमन गिल (44) और मयंक अग्रवाल (121*) ने जबरदस्त शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिये 80 रनों की साझेदारी की लेकिन एजाज पटेल ने लगातार 3 विकेट लेकर भारतीय टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। हालांकि मयंक अग्रवाल ने पहले श्रेयस अय्यर (18) के साथ 80 रनों की साझेदारी की तो वहीं पर ऋद्धिमान साह के साथ नाबाद 61 रनों की साझेदारी कर चुके हैं। ऐसे में आइये एक नजर पहले दिन के खेल में हुई 3 बड़ी बातों पर-
और पढ़ें: 3 खिलाड़ी जो भारतीय टेस्ट टीम में ले सकते हैं पुजारा की जगह, जल्द होना चाहिये बदलाव

मयंक अग्रवाल ने ठोंका करियर का चौथा शतक
वानखेड़े के मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन को अगर मयंक अग्रवाल के नाम कहा जाये तो गलत नहीं होगा। मयंक अग्रवाल ने शुबमन गिल के साथ पारी का आगाज किया और दिन का खेल खत्म होने तक नाबाद पारी खेलकर वापस लौटे। मयंक अग्रवाल अब तक 246 गेंदों का सामना किया है 14 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 120 रनों की पारी खेल चुके हैं।
मयंक अग्रवाल के लिये यह भारतीय सरजमीं पर लगाया गया चौथा शतक है और सबसे अहम बात है कि मयंक ने अब तक भारत में जितनी बार भी अर्धशतक लगाया है हर बार उसे शतक में तब्दील किया है। इतना ही नहीं मयंक अग्रवाल ने अपने शतक को बड़ा करते हुए दो बार दोहरा शतक लगाया है और जिस हिसाब से वो बल्लेबाजी कर रहे हैं फैन्स को उनके बल्ले से तीसरे दोहरे शतक के आने की उम्मीद है।

थर्ड अंपायरिंग के खराब निर्णय का शिकार हुए कोहली
वहीं पहले दिन का दूसरा बड़ा मोमेंट वापसी कर रहे कप्तान विराट कोहली का विकेट रहा, जो कि थर्ड अंपायर के खराब निर्णय का शिकार हुए। एजाज पटेल की गेंद पर जब अंपायर अनिल चौधरी ने विराट कोहली को एलबीडब्लयू करार दिया तो उन्होंने डीआरएस लेने का फैसला किया। रिप्ले में देखने पर तीन एंगल से विकेट को देखा गया जिसमें से एक एंगल पर गेंद और बल्ला एक साथ लगती हुई नजर आ रही थी, तो वहीं पर अल्ट्रा एज में भी क्लियर नहीं हो रहा था। ऐसे में जब सामने के दो अलग-अलग एंगल से देखा गया तो गेंद पहले बल्ले में लगकर फिर पैड की तरफ जाती नजर आयी, हालांकि अंपायर विजेंदर शर्मा को यह कन्क्लूसिव एविडेंस नहीं लगा और उन्होंने कोहली को आउट देने का फैसला किया और विराट को डक पर वापस जाना पड़ा।

एजाज पटेल ने लगाया विकेटों का चौका
गौरतलब है कि पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद भारतीय टीम ने 4 विकेट खो दिये हैं, पर हैरानी की बात यह रही की न्यूजीलैंड के लिये यह चारों ही विकेट एजाज पटेल ने लिया है। एजाज पटेल ने सबसे पहले शुबमन गिल को कैच कराकर 80 रनों की बड़ी साझेदारी को तोड़ने का काम किया तो वहीं अगले ही ओवर में उन्होंने चेतेश्वर पुजारा को बोल्ड मार कर वापस पवेलियन भेज दिया। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर एजाज पटेल ने विराट कोहली को आउट किया कर अपनी तीसरी विकेट हासिल की। वहीं जब अय्यर और मयंक के बीच एक बार फिर से 80 रनों की साझेदारी हो गई थी तो एजाज पटेल ने फिर से अय्यर का विकेट लेकर साझेदारी को तोड़ने का काम किया। एजाज पटेल ने 29 ओवर गेंदबाजी कर के 73 रन दिये हैं और 4 विकेट हासिल किये हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications