
ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज बने एजाज पटेल
भारत के लिये तीसरे दिन का खेल शुरू करते हुए मयंक अग्रवाल (62) और चेतेश्वर पुजारा (47) ने पहले विकेट के लिये 107 रन जोड़कर शतकीय साझेदारी की और ऐसा लगा कि दोनों एक बार फिर से शतक बनाते नजर आयेंगे। हालांकि पहली पारी में 10 विकेट चटकाने वाले एजाज पटेल ने एक बार फिर अपनी टीम को ब्रेक थ्रू दिलाया और पहले मयंक अग्रवाल का विकेट हासिल किया तो वहीं पर 8 रन बाद चेतेश्वर पुजारा को भी वापस भेज दिया। एजाज पटेल ने श्रेयस अय्यर और जयंत यादव का विकेट लेकर कुल 14 विकेट अपने नाम किये। इसके साथ ही एजाज पटेल भारत के खिलाफ एक ही मैच में सबसे शानदार प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गये। उन्होंने इस मामले में इंग्लैंड के इयान बॉथम (13 विकेट, 1980) को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने वानखेड़े के ही मैदान पर 13 विकेट हासिल करने का कारनामा किया था।

रचिन रविंद्र की फिरकी में फंसे गिल-कोहली
इस मैच में न्यूजीलैंड के सभी 17 विकेट स्पिनर्स के ही नाम रहे, जहां एजाज पटेल ने 14 विकेट अपने नाम किये तो वहीं पर रचिन रविंद्र ने शुभमन गिल को अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट विकेट बनाते हुए कुल 3 विकेट अपने नाम किये। रचिन रविंद्र ने पहले शुभमन गिल का विकेट लिया तो वहीं पर अच्छी लय में नजर आ रहे विराट कोहली को बोल्ड मारा, जबकि ऋद्धिमान साहा को काइल जैमिसन के हाथों कैच कराया। भारतीय टीम ने भले ही 539 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया हो लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के लिये अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील न कर पाना अभी भी जारी है। जहां पर पुजारा और गिल 47 रन के स्कोर पर आउट होकर वापस लौटे तो वहीं पर कोहली सिर्फ 36 रन ही बना सके।

अश्विन-अक्षर के दम से न्यूजीलैंड बैकफुट पर
रनों का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम के लिये रविचंद्रन अश्विन एक बार फिर से काल बनकर उतरे और टॉम लैथम (6) को चौथे ही ओवर में एलबीडब्लयू कर वापस पवेलियन भेज दिया। इसके बाद अश्विन ने विल यंग (20) को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया तो रोस टेलर (6) बेहद खराब शॉट खेलकर पुजारा के हाथों लपके गये। यहां से न्यूजीलैंड के लिये डैरिल मिचेल (60) और हेनरी निकोल्स (36) ने चौथे विकेट के लिये 73 रनों की साझेदारी की और अपना मिचेल ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया लेकिन तभी अक्षर पटेल खतरनाक होती जा रही इस साझेदारी को तोड़ने का काम किया। अक्षर पटेल ने डैरिल मिचेल को जयंत यादव के हाथों कैच कराया। वहीं कुछ देर श्रीकर भरत के जबरदस्त थ्रो के चलते टॉम ब्लंडेल बिना खाता खोले रन आउट होकर लौट गये। दिन का खेल खत्म होने तक कीवी टीम ने 5 विकेट खोकर 140 रन बना लिये हैं और फिलहाल हेनरी निकोल्स (36) एवं रचिन रविंद्र (2) बल्लेबाजी कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications