क्या भारत-पाक मैच में बल्लेबाजों की कब्रगाह बनेगी दुबई की पिच, वेस्टइंडीज के मैच ने बजायी खतरे की घंटी
नई दिल्ली। यूएई के मैदान पर खेले जा रहे टी20 विश्वकप का सुपर 12 का दौर शुरू हो चुका है जिसका पहला दिन लो स्कोरिंग मैचों के नाम रहा। सुपर 12 का पहला मैच अबुधाबी के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की टीम के बीच खेला गया जिसमें अफ्रीकी टीम 118 रन ही सकी, हालांकि दक्षिण अफ्रीकी टीम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और मैच को आखिरी ओवर के थ्रिलर में ले गये जहां पर ऑस्ट्रेलिया की टीम 5 विकेट से जीत हासिल करने में कामयाब रही। इसके बाद फैन्स को दूसरा मैच डिफेंडिंग चैम्पियन वेस्टइंडीज और उपविजेता टीम इंग्लैंड के बीच दुबई के मैदान पर खेलते देखा गया, जहां पर वेस्टइंडीज की टीम महज 55 रन पर ऑल आउट हो गई तो वहीं पर रनों का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने भी 4 विकेट खोये।
और पढ़ें: इंग्लैंड ने बदला टी20 विश्वकप का इतिहास, वेस्टइंडीज को पहली बार हराया
हालांकि इंग्लैंड की टीम 6 विकेट से इस मैच को जीतने में कामयाब रही और टी20 विश्वकप में कैरिबियाई टीम के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज की। उल्लेखनीय है इस लो स्कोरिंग मैच ने भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले महामुकाबले को लेकर खतरे की घंटी बजा दी है। भारत और पाकिस्तान की टीम रविवार (24 अक्टूबर) को एक दूसरे के खिलाफ मैच के साथ अपने विश्वकप कैंपेन का आगाज करने वाली है, जिसका फैन्स बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

इंग्लैंड-वेस्टइंडीज मैच ने जारी किया रेड अलर्ट
उल्लेखनीय है कि भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाने वाला यह महामुकाबला दुबई के उसी मैदान पर खेला जाने वाला है जहां पर वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की टीम के बीच शनिवार को मैच खेला गया था। शनिवार को खेले गये इस मैच में इंग्लैंड की टीम ने मैच जरूर जीता लेकिन बल्लेबाजों के लिहाज से यह मैच काफी स्लो नजर आया और अगर यह स्थिति रविवार को भी जारी रही तो फैन्स को बेहद लो स्कोरिंग थ्रिलर मैच देखने को मिल सकता है। शनिवार को खेले गये मैच में कुल 22.4 ओवर्स का ही खेल हो सका जिसमें बल्लेबाज कुल 111 रन ही बना सके और गेंदबाजों ने 14 विकेट चटकाये।
इस प्रदर्शन को देखने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच पर रेड अलर्ट नजर आ रहा है कि जिस मैच को लेकर फैन्स इतना ज्यादा उत्साहित हैं कहीं उसमें भी ऐसा ही प्रदर्शन देखने को न मिले, साथ ही जिस तरह से इंग्लैंड ने अजेय रिकॉर्ड का इतिहास बदला कहीं पाकिस्तान भी भारत के खिलाफ जीत हासिल कर इतिहास न बदल डाले।

भारत-पाक मैच में बोलेगी स्पिनर्स की तूती
इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेले गये इस मैच की बात करें तो कुल 14 में से 8 विकेट स्पिनर्स के खाते में गये, जहां पर आदिल राशिद ने 4 विकेट चटकाये तो वहीं पर मोइन अली और वेस्टइंडीज के अकील हुसैन के खाते में भी 2-2 विकेट आये। इस प्रदर्शन के बाद यही लगता है कि दुबई की इस पिच पर स्पिनर्स का पलड़ा भारी रहने वाला है तो ऐसे में क्या भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 3 स्पिन और 2 पेस गेंदबाजों के साथ उतरना चाहिये।
इस मामले पर पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने बात करते हुए कहा कि अगर यह मैच पाकिस्तान के खिलाफ नहीं होता तो यह विकल्प बिल्कुल खराब नहीं था और आने वाले मैचों में हमें यह शायद देखने को भी मिले। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में भारतीय टीम 3 पेसर और 2 स्पिन गेंदबाजों के टेंपलेट पर ही जाती नजर आयेगी। इस दौरान रविंद्र जडेजा का खेलना तो तय है लेकिन रविचंद्रन अश्विन और वरुण चक्रवर्ती में से कोई एक ही गेंदबाज मैदान पर नजर आ सकता है।

पाकिस्तान ने पहले ही कर दिया टीम का ऐलान
पाकिस्तान क्रिकेट टीम की बात करें तो उसने टी20 विश्वकप के इस ऐतिहासिक मैच के लिये पहले ही अपनी 12 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है जिसमें 3 पेस गेंदबाजों के साथ 3 स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ियों के साथ जाने का फैसला किया है। इसका मतलब है कि पाकिस्तान की टीम के पास भारत के मुकाबले ज्यादा स्पिन गेंदबाजी के विकल्प मौजूद हैं जिसका मतलब है कि दुबई के मैदान पर खेले जाने वाले इस मुकाबले में भारत के मुकाबले उसका पलड़ा भारी नजर आयेगा। हालांकि क्वालिटी के मामले में भारत के पास बेहतर स्पिन अटैक है लेकिन पाकिस्तान की टीम को कम आंकना बहुत बड़ी भूल होगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
