IND vs SA: सेंचुरियन टेस्ट में जीत से बस 6 विकेट दूर विराट सेना, क्या बारिश फिर बनेगी बाधा
नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क मैदान पर खेला जा रहा है जिसका चौथा दिन समाप्त होने के बाद भारतीय टीम जीत की दहलीज पर खड़ी नजर आ रही है। भारतीय टीम को इस मैच में जीत के लिये बस 6 विकेट की दरकार रह गई है और साउथ अफ्रीका की टीम फिलहाल अपने लक्ष्य से 211 रन पीछे हैं। उल्लेखनीय है कि जब चौथे दिन भारतीय टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो उसका स्कोर 16 रन पर एक विकेट था, जिससे आगे खेलते हुए भारतीय टीम 174 रन पर सिमट गई और साउथ अफ्रीका के सामने चौथी पारी में 305 रनों का लक्ष्य रखा।
चौथी पारी में खेलने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम के लिये एक बार फिर निराशाजनक शुरुआत रही, जिसने दूसरे ही ओवर में अपना पहला विकेट खो दिया। भारतीय टीम के लिये मोहम्मद शमी ने अपने पहले ही ओवर में एडेन मार्करम (1) को बोल्ड कर साउथ अफ्रीका की टीम को पहला झटका दिया। इसके बाद कप्तान डीन एल्गर (52) और कीगन पीटरसन (17) ने पारी को संभालते हुए 33 रनों की साझेदारी की, हालांकि गेंदबाजी बदलाव के बाद खेलने आये मोहम्मद सिराज ने पीटरसन को ऋषभ पंत के हाथों कैच कराकर अफ्रीकी टीम को दूसरा झटका दे दिया।
और पढ़ें: IND vs SA: सेंचुरियन टेस्ट के बाद नहीं खेलेंगे क्विंटन डिकॉक, जानें कौन करेगा रिप्लेस
34 रन पर दो विकेट गंवा देने के बाद रासी वैन डार दुसैं (11) ने कप्तान एल्गर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिये 40 रनों की साझेदारी कर डाली और करीब 22 ओवर्स तक कोई विकेट नहीं खोया। भारतीय टीम को यहां पर विकेट नहीं मिल रही थी जिसको देखते हुए कप्तान कोहली ने जसप्रीत बुमराह को गेंदबाजी में दोबारा बुलाया गया जिन्होंने आते के साथ ही पहले रासी वैन डार दुसैं को बोल्ड किया और दिन का खेल खत्म होने से पहले केशव महाराज को बोल्ड कर अफ्रीकी टीम को चौथा झटका दिया।
साउथ अफ्रीकी टीम के लिये कप्तान डीन एल्गर ने 122 गेंदों का सामना करके 7 चौकों की मदद से 52 रन बना लिये हैं और अपनी टीम को मैच में बनाये रखा है। भारत को यहां से जीत के लिये मैच के आखिरी दिन 6 विकेट की दरकार है, हालांकि भारतीय टीम की जीत में बारिश एक बार फिर से विलेन बन सकती है। सेंचुरियन टेस्ट का दूसरा दिन पहले ही बारिश की वजह से पूरी तरह से धुल गया था जिसके बाद मैच के पांचवे दिन भी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पांचवे दिन पहले डेढ़ घंटे तक बादल छाये रहेंगे तो वहीं पर दो घंटे के खेल के बाद बचे हुए पूरे दिन थंडरस्टोर्म के साथ बारिश होती नजर आयेगी।
और पढ़ें: IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में इस टीम से जुड़ना चाहते हैं अंबति रायडु, बताया कब लेंगे क्रिकेट से संन्यास
ऐसे में अगर भारत को सीरीज में बढ़त हासिल करनी है तो उसे पहले दो घंटे के अंदर ही बचे हुए 6 विकेट हासिल करने होंगे, वरना बारिश मैच को ड्रॉ करा देगा। आपको बता दें कि इंग्लैंड में खेली गई टेस्ट सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते ड्रॉ हुआ था, जहां पर 4 दिन के खेल के बाद भारत को जीत के लिये महज 151 रन की दरकार थी और उसके पास 9 विकेट बचे हुए थे, हालांकि बारिश ने आखिरी दिन का खेल नहीं होने दिया और मैच ड्रॉ हुआ।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications