इंजमाम उल हक ने किया विराट कोहली का बचाव, आलोचकों को दिया करारा जवाब, जानें क्या बोले
नई दिल्ली। विराट कोहली की कप्तानी में न्यूजीलैंड दौरे पर मिली हार भारतीय टीम के लिये किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा।। भारतीय टीम ने इस कीवी दौरे की शुरुआत बेहद शानदार तरीके से की और 5 मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। हालांकि इसके बाद भारतीय टीम जीत की पटरी से उतर गयी और पहले 3 मैचों की वनडे सीरीज को गंवाया और फिर 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में भी क्लीन स्वीप का सामना किया। टेस्ट सीरीज में तो पूरी भारतीय टीम की बल्लेबाजी फ्लॉप रही।
और पढ़ें: खेलने में दिक्कत आ रही है तो ब्रेक लें, जानें क्यों विराट कोहली ने दिया ऐसा बयान
भारतीय कप्तान विराट कोहली के लिये यह सीरीज किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। वह टेस्ट मैचों में खेली गई 4 पारियों में सिर्फ 38 रन बना सके और पूरे कीवी दौरे की 11 पारियों में सिर्फ 218 रन बना सके। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 1 अर्धशतक लगाया जो कि हैमिल्टन वनडे के दौरान आया था।
भारतीय कप्तान की बुरी फॉर्म को देखते हुए लगातार उनकी तकनीक पर सवाल उठाये जा रहे हैं और उनके खेलने के तरीके पर तमाम सवाल खड़े कर रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक भारतीय कप्तान विराट कोहली के समर्थन में सामने आये हैं और उनकी तकनीक पर सवाल उठाने वाले आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
और पढ़ें: IND vs NZ: भारतीय टीम में अनुशासन की कमी, दिग्गज खिलाड़ियों ने ट्वीट कर गिनाये हार के कारण

आलोचकों को दिया करारा जवाब
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर विराट कोहली की फॉर्म के बारे में बात करते हुए उनके आलोचकों को करारा जवाब दिया कि जिस खिलाड़ी ने इसी तकनीक से 70 शतक लगाये हैं उसे तकनीक का पाठ कोई कैसे पढ़ा सकता है।
उन्होंने कहा, 'कई सारे लोग इस समय विराट कोहली की टेकनीक के बारे में बात कर रहे हैं। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 70 सेंचुरी ठोकी हैं, आप उनकी टेकनीक पर कैसे सवाल खड़े कर सकते हैं।'

किस्मत खराब हो तो सही शॉट पर भी रन नहीं बनते
विराट कोहली के फॉर्म को खराब दौर बताते हुए इंजमाम ने कहा कि यह वो दौर है जिससे हर खिलाड़ी कभी न कभी गुजरता है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि वह खिलाड़ी अपनी तरफ से मेहनत नहीं कर रहा है।
उन्होंने कहा, 'एक क्रिकेटर के तौर पर मैं यह कह सकता हूं कि आपका ऐसा समय आता है जब जतन करने के बावजूद रन नहीं आते हैं। यूसुफ (मोहम्मद यूसुफ) का बैकलिफ्ट काफी अच्छा था और जब वो खराब फॉर्म में होते थे, तो लोग इस पर सवाल खड़ा करने लगते थे, वो मेरे पास आया था, तो मैंने कहा था कि तुमने इसी टेकनीक से इतने सारे रन कैसे बनाए।'

जब सारे खिलाड़ी फ्लॉप तो सिर्फ कोहली से सवाल क्यों
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में कोई भी भारतीय बल्लेबाज रन नहीं बना पाया, अर्धशतक तो लगे लेकिन कोई भी बल्लेबाज शतक में नहीं बदल पाया। यहां तक कि खेली गई 4 पारियों में से 3 बार पूरी भारतीय टीम 200 रन के अंदर ऑलआउट हो गई। इस पर बात करते हुए इंजमाम ने कहा कि जब पूरी भारतीय टीम की प्रदर्शन बल्लेबाजी में खराब रहा तो सवाल सिर्फ विराट कोहली से ही क्यों पूछे जायें।
उन्होंने कहा, 'कोहली अगर नहीं खेल पाए तो टीम इडिया अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी, बाकी खिलाड़ियों का क्या? यह खेल का हिस्सा है, इसे ऐसे ही स्वीकार किया जाना चाहिए।'

खुद पर विश्वास दिखायें विराट, परेशान होने की जरूरत नहीं
इंजमाम उल हक ने विराट कोहली को इस दौर का सामना करने के लिये कहा कि उन्हें खुद पर विश्वास जताने की जरूरत है। उन्होंने इसी टेकनीक से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में जमकर रन बनाये हैं। ऐसे में उन्हें अपनी टेकनीक में बदलाव करने की कोई जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा, 'मैं अगर कोई सुझाव देता हूं... तो वो यह है कि परेशान होने की जरूरत नहीं है यह समय निकल जाएगा। टेकनीक के बारे में मैं बात ही नहीं करूंगा। विराट को टेकनीक बदलने की जरूरत ही नहीं है। वो मजबूत मानसिकता वाले खिलाड़ी हैं, उन्हें हड़बड़ करने की जरूरत नहीं है। बड़े खिलाड़ी मन से मजबूत होते हैं, वो मजबूत वापसी करते हैं। विराट भी मजबूत वापसी करेंगे। सईद अनवर और सौरव गांगुली दोनों ही ऑफसाइड के शानदार स्ट्रोक प्लेयर थे। आपकी मजबूती आपकी कमजोरी बन सकती है। जहां आप रन बनाते हैं आप उसी क्षेत्र में आउट हो सकते हैं।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
