
मुंबई के लिए 'अपशकुन' साबित होती है मलिंगा की गैरमौजूदगी
अगर मुंबई इंडियंस के स्कॉवड पर नजर डाली जाये तो उसके पास एक से बढ़कर एक शानदार गेंदबाज हैं लेकिन टीम के लिये लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga) की गैरमौजूदगी न सिर्फ अनुभव की कमी दर्शाती है बल्कि टीम के लिये एक अपशकुन का काम भी करती है। ऐसा हम नहीं बल्कि आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस के लिये उनकी गैर मौजूदगी कहती है। मुंबई इंडियंस के लिये जब-जब भी लसिथ मलिंगा साथ नहीं होते हैं उस सीजन टीम का प्रदर्शन काफी खराब होता है और वो प्वाइंटस टेबल में फिसड्डी साबित होती है।
सबसे पहले साल 2008 में लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियंस की टीम में नहीं थे, टीम पांचवें नंबर पर रही। साल 2016 में लसिथ मलिंगा एक बार फिर आईपीएल नहीं खेले, मुंबई इंडियंस फिर पांचवें नंबर पर रही। साल 2018 में मलिंगा मुंबई इंडियंस के साथ तो थे, लेकिन गेंदबाजी कोच के तौर पर और फिर वही हुआ। मुंबई इंडियंस साल 2018 में भी पांचवें नंबर पर रही। ऐसे में साल 2020 में जब मलिंगा एक बार फिर टीम के साथ नहीं हैं तो देखने लायक होगा कि क्या होता है।

इस कारण अहम है मुंबई के लिये मलिंगा की मौजूदगी
उल्लेखनीय है कि मुंबई इंडियंस के लिए लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga) की भरपाई कर पाना काफी मुश्किल काम है, टीम ने भले ही जेम्स पैटिंसन को उनकी जगह शामिल किया है लेकिन मलिंगा के अनुभव को रिप्लेस कर पाना नामुमकिन है।
गौरतलब है कि यह मलिंगा की ही अनुभवी गेंदबाजी थी जिसने आईपीएल 2019 के फाइनल में आखिरी ओवर में मुंबई इंडियंस को चौथी बार चैंपियन बनाया था। चेन्नई सुपरकिंग्स को आखिरी ओवर में 9 रन की दरकार थी, गेंद मलिंगा के हाथों में थी और उन्होंने महज 7 रन खर्च कर टीम को जीत दिला दी।

आईपीएल के बेस्ट बॉलर हैं मलिंगा
आपको बता दें कि लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga) आईपीएल के सबसे कामयाब गेंदबाजों में से एक हैं जिन्होंने 122 मैचों में सबसे ज्यादा 170 विकेट लेने का कारनामा किया है। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 7.14 रहा है और वो आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं जिन्होंने महज 70 पारियों में विकेटों का शतक लगाने का कारनामा किया।
इसके अलावा उन्होंने सबसे तेज 150 विकेट लेने का कारनामा भी उन्ही के नाम है जो कि उन्होंने महज 105 पारियों में हासिल किया। मलिंगा आईपीएल के इकलौते तेज गेंदबाज हैं, जिन्होंने आईपीएल की चार टीमों के खिलाफ 20 से ज्यादा विकेट लिये हैं।
मलिंगा ने चेन्नई सुपरकिंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, किंग्स इलेवन पंजाब और केकेआर के खिलाफ 20 से ज्यादा विकेट झटके हैं। मलिंगा की अहमियत सिर्फ विकेटों तक सीमित नहीं हैं। मलिंगा बॉलिंग कप्तान के तौर पर भी रोहित शर्मा का साथ देते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
