नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन में रविवार को अबुधाबी के मैदान पर दूसरा क्वालिफायर खेला गया जहां पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को हराते हुए आईपीएल के 13 सालों के इतिहास में पहली बार फाइनल में जगह बनाई। दिल्ली कैपिटल्स की टीम जो पिछले कुछ मैचों से परेशानी से जूझ रही थी उसने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आज के मैच में शुरुआत से दबदबा बनाकर रखा और अंत में जीत हासिल करने में कामयाब रहते हुए पहली बार फाइनल तक पहुंचने का काम किया। 2008 से शुरु हुए दुनिया के इस सबसे मशहूर क्रिकेट लीग में दिल्ली इकलौती ऐसी टीम रही है जो अब तक फाइनल नहीं खेली थी।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने आज के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 189 रनों का स्कोर खड़ा किया। दिल्ली के लिये शिखर धवन ने 78 रनों की पारी खेली तो मार्कस स्टॉयनिस ने ओपनिंग करते हुए 38 रनों का योगदान दिया। वहीं शिमरोन हेटमायर ने भी नाबाद 42 रनों का योगदान दिया। वहीं रनों का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 8 विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी और दिल्ली की टीम ने 17 रनों से मैच को जीत लिया।
और पढ़ें: IPL Qualifier 2: हैदराबाद के खिलाफ जमकर बरसे शिखर धवन, नाम किये कई रिकॉर्ड
इसके साथ ही अब दिल्ली कैपिटल्स की टीम 10 नवंबर को दुबई में मुंबई इंडियंस के खिलाफ फाइनल मैच खेलने उतरेगी। दिल्ली की ओर से दिये गये 190 रनों का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम ने अच्छी शुरुआत नहीं कि और दूसरे ही ओवर में कप्तान डेविड वॉर्नर (2) का विकेट खो दिया। कगिसो रबाडा ने उन्हें बोल्ड कर पहला झटका दिया।
इसके बाद मार्कस स्टॉयनिस ने 5वें ओवर में पहले प्रियम गर्ग (17) और फिर मनीष पांडे (21) को 3 गेंद के अंदर वापस पवेलियन भेज दिया और पावरप्ले में हैदराबाद की टीम को 49 रन 3 विकेट पर सीमित कर दिया। जेसन होल्डर ने भी 11 रनों का योगदान दिया और अक्षर पटेल की गेंद पर कैच आउट हुए।
हालांकि यहां से केन विलियम्सन (67) और अब्दुल समद (33) ने छठे विकेट के लिये 57 रनों की साझेदारी की और मैच को उस मोड़ पर ले गये जहां पर उनकी टीम लगभग जीत हासिल करती नजर आ रही थी। हालांकि मार्कस स्टॉयनिस ने विलियम्सन का विकेट लेकर मैच को वापस दिल्ली की ओर मोड़ दिया।
और पढ़ें: IPL Qualifier 2: धवन-स्टॉयनिस ने दिल्ली को दी दमदार शुरुआत, SRH के सामने रखा 190 का टारगेट
केन विलियम्सन ने 45 गेंद में 5 चौके और 4 छक्के लगाकर 67 रनों की पारी खेली। वहीं अब्दुल समद ने 16 गेंद में 2 चौके और 2 छक्के लगाकर 33 रनों का योगदान दिया। 19वें ओवर में कगिसो रबाडा ने एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर मैच को पूरी तरह से हैदराबाद से दूर ले गये और 17 रनों से दिल्ली को मैच जिताकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई।