नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन के फाइनल मैच में पहुंचने की जंग के लिये आज अबुधाबी के मैदान पर दूसरा प्लेऑफ खेला जा रहा है जहां पर दुबई में खेले जाने वाले फाइनल मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कौन सी टीम उतरेगी उसका फैसला होना है। इस महामुकाबले की जंग में आज दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी के खिलाफ दमदार शुरुआत करते हुए 3 विकेट खोकर 189 रन बनाये और जीत के लिये 190 रनों का लक्ष्य रखा।
दिल्ली की टीम ने आज के मैच में बड़ा रणनीतिक बदलाव करते हुए सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को बाहर बिठाया और हैदराबाद के खिलाफ मार्कस स्टॉयनिस को ओपनिंग के लिये उतारा। दिल्ली की यह प्लानिंग काफी कारगर साबित हुई और पिछले 6 मैचों में वो जिस समस्या से जूझ रही थी उससे निजात मिली।
और पढ़ें: IPL 2020: प्लेऑफ में निशाने पर लगा दिल्ली का तीर, पावरप्ले में हैदराबाद को किया ढेर
दिल्ली के लिये शिखर धवन और मार्कस स्टॉयनिस ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 86 रनों की साझेदारी की। मार्कस स्टॉयनिस ने 27 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 38 रनों का योगदान दिया। राशिद खान ने उन्हें बोल्ड कर दिल्ली के खिलाफ पहली सफलता हासिल की।
वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को आगे बढ़ाते हुए शिखर धवन के साथ दूसरे विकेट के लिये 40 रनों की साझेदारी की। इस दौरान अय्यर ने 20 गेंदों में एक चौके की मदद से 21 रनों का योगदान दिया। जेसन होल्डर ने उन्हें मनीष पांडे के हाथों कैच कराकर दूसरा झटका दिया।
और पढ़ें: कोरोना पॉजिटिव पाये गये महमदुल्लाह, PSL में नहीं होंगे शामिल
यहां पर शिखर धवन ने अपना अर्धशतक पूरा करते हुए शिमरोन हेटमायर के साथ तीसरी विकेट के लिये 52 रन जोड़े। संदीप शर्मा ने उन्हें LBW कर दिल्ली को तीसरा झटका दिया। शिखर धवन ने अपनी पारी में 50 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 78 रन बनाये।
वहीं शिमरोन हेटमायर ने 22 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से नाबद 42 रनों का योगदान दिया और हैदराबाद के खिलाफ 189 रनों का स्कोर रखा।