
चहल ने बताया कहां हुई थी पहली मुलाकात
युजवेंद्र चहल ने लॉकडाउन के दौरान हुई अपनी इस लवस्टोरी के बारे में बात करते हुए बताया कि वह धनश्री वर्मा से पहली बार एक डांस क्लास के दौरान मिले थे, जहां पर वो डांस क्लासेज लेने के लिये पहुंचे थे।
इंडियन एक्सप्रेस के साथ बात करते हुए चहल ने कहा,'लॉकडाउन के दौरान जो इकलौती चीज मेरे लिये सकारात्मक हुई वह धनश्री से मुलाकात और फिर हमारा रोका है। लॉकडाउन के दौरान समय बिताने के लिये मैं डांस सीखने के लिये गया था, जहां पर मेरी मुलाकात धनश्री से हुई, वह कॉरियोग्राफर हैं और वहां पर डांस सिखाती हैं।'

ब्रेक के बाद गेंदबाजी की तो भूल गया रन अप
इस दौरान चहल ने कोरोना वायरस की वजह से चल रहे लंबे ब्रेक के बाद मैदान पर वापसी करने और पहली बार गेंदबाजी को लेकर भी बात की और बताया कि यह उनके लिये कितना अजीब अनुभव था।
उन्होंने कहा,'इतने लंबे समय के बाद जब मैंने पहली बार गेंद फेंकी तो काफी अजीब सा महसूस हुआ। मैंने करीब 4-5 ओवर गेंदबाजी की लेकिन इस दौरान तक मैं अपना रन-अप भूल चुका था। लगातार एक ख्याल आ रहा था कि मैं कुछ तो भूल रहा हूं। हालांकि सौभाग्य से मेरे लिये चीजें उतनी खराब नहीं गई और जल्द ही मैंने इस पर काबू पा लिया।'

खुद की बॉलिंग पर होने लगा था शक
युजवेंद्र चहल ने इस बारे में आगे बात करते हुए कहा,' बेशक करीब 4 महीने के बाद गेंदबाजी करने के चलते मुझे खुद की बॉलिंग पर संशय था। पहले अगर आप चोटिल होते थे तो आप कम से कम मैदान पर जा सकते थे, लेकिन इस बार आप 4 महीने के गैप के बाद मैदान पर लौटे हो। मैं यह सोच रहा था कि गेंदबाजी करने के बाद मेरा शरीर कैसे रिस्पॉन्स करेगा।'


Click it and Unblock the Notifications
