
गौतम गंभीर ने फैसले पर जताई हैरानी
राजस्थान की टीम ने एविन लुईस की जगह इस मैच में डेविड मिलर को खिलाया तो वहीं क्रिस मॉरिस की जगह तबरेज शम्सी को जगह मिली। उल्लेखनीय है कि पंजाब के खिलाफ खेले गये पिछले मैच में लुईस ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए जबरदस्त शुरुआत दी थी, तो वहीं पर क्रिस मॉरिस टीम के सबसे महंगे और अहम खिलाड़ियों की लिस्ट में शुमार हैं। उनके टीम में शामिल न होने के फैसले ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को भी हैरान कर दिया।
स्टार स्पोर्टस के साथ कॉमेंट्री करते हुए उन्होंने कहा,'राजस्थान के इस फैसले ने मुझे पूरी तरह से हैरान कर दिया है। राजस्थान की टीम को जीत की दरकार है। मुझे नहीं पता कि कारण क्या है, हो सकता है चोट वजह बना हो, मोरिस राजस्थान के सबसे बड़े खिलाड़ी हैं और इन दोनों का शामिल न होना टीम के लिये झटका है। वह क्यों नहीं खेल रहे हैं इसकी वजह जो भी हो पर टीम के लिये झटका है।'

संगाकारा ने बताया बाहर होने का कारण
उल्लेखनीय है कि मैच के दौरान राजस्थान की टीम के डायरेक्टर कुमार संगाकारा ने दोनों खिलाड़ियों के मैच में उपलब्ध न होने के पीछे कारण बताया।
उन्होंने कहा,'पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गये मैच में दोनों खिलाड़ियों को थोड़ी सी चोट आयी है जिसके चलते उन्हें इस मैच के लिये आराम दिया गया है। हालांकि वह अगले मैच के लिये पूरी तरह से फिट होकर जरूर वापसी करेंगे।'

लुईस ने खेली थी विस्फोटक पारी, मॉरिस निभाते हैं अहम रोल
गौरतलब है कि वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज इविन लुईस ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 36 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर राजस्थान को अच्छी शुरुआत दिलाई थी, तो वहीं पर क्रिस मॉरिस ने निचले क्रम में आकर अहम पारी खेलकर टीम को सम्मानजनकर स्कोर तक पहुंचाया। वहीं पर मॉरिस गेंदबाजी में भी टीम के लिये काफी अहम साबित होते हैं।
आपको बता दें कि राजस्थान रॉयल्स की टीम फिलहाल 8 अंकों के साथ छठे पायदान पर काबिज है और प्लेऑफ में जगह बनाने के लिये उसे बचे हुए 5 मैचों में से 4 में जीत हासिल करनी है।


Click it and Unblock the Notifications
