नई दिल्ली। भारत में जारी कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच दुनिया के सबसे मशहूर क्रिकेट लीग आईपीएल के 14वें सीजन को बायोबबल में कोरोना संक्रमण के केस सामने आने के बाद बीच में ही रोकना पड़ा। जब आईपीएल के 14वें सीजन को अनिश्चितकालीन के लिये स्थगित किया गया तो उस वक्त तक सिर्फ 29 मैच खेले गये थे, हालांकि बीसीसीआई ने बाद में हुई आम बैठक में आईपीएल के बचे हुए 31 मैचों का आयोजन यूएई में कराने का फैसला किया था। इस दौरान तारीख का ऐलान नहीं किया गया था।
इस बीच आईपीएल के बचे हुए मैचों की तारीख का इंतजार कर रहे फैन्स के लिये खुश करने वाली खबर सामने आई है, जिसके तहत अब यूएई में होने वाले इस दूसरे हिस्से का आगाज 19 सितंबर से होगा और लीग का फाइनल मुकाबला 15 अक्टूबर को खेला जायेगा। इसका मतलब है कि बीसीसीआई अब बचे हुए 31 मैचों का आयोजन सिर्फ 26 दिन के अंदर पूरा करेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार बीसीसीआई ने आईपीएल के बचे हुए मैचों के लिये विंडो पर मुहर लगा दी है, अब बस शेड्यूल तैयार किया जा रहा है जिसको लेकर जल्द ही ऐलान किया जायेगा।
और पढ़ें: न्यूजीलैंड के खिलाफ जो रूट की कप्तानी से दुखी हुए शेन वॉर्न, एप्रोच को लेकर जमकर लताड़ा
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बीसीसीआई के एक अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी और कहा,'यूएई क्रिकेट बोर्ड के साथ पिछले हफ्ते हुए बीसीसीआई की मीटिंग सफल रही और यूएई ने फिलहाल मौखिक तौर पर आईपीएल की मेजबानी के लिये हामी भर दी है। जल्द ही शेड्यूल फाइनल कर एक आधिकारिक करार कर लिया जायेगा। सीजन को दोबारा शुरु करने के लिये पहला मैच 19 सितंबर को खेला जायेगा जबकि फाइनल मैच 15 अक्टूर को खेला जायेगा।'
वहीं जब इस दौरान बीसीसीआई अधिकारी से विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि फ्रैंचाइजियों ने इसको लेकर बातचीत शुरू कर दी है और हमें उम्मीद है कि ज्यादातर खिलाड़ी उपलब्ध रहेंगे। हालांकि जो खिलाड़ी नहीं शामिल हो सकेंगे उसके लिये फ्रैंचाइजियों के पास रिप्लेसमेंट लेने का अधिकार होगा।
आपको बता दें कि हाल ही में बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने विदेशी प्लेयर्स के आईपीएल 2021 के बचे हुए मैचों में खेलने के सवाल पर जवाब देते हुए कहा था कि हमारा मुख्य उद्देश्य टूर्नामेंट को पूरा कराना है। इसे बीच में अधूरा नहीं छोड़ा जा सकता, ऐसे में जो भी खिलाड़ी टूर्नामेंट के लिये उपलब्ध होंगे इसे उन्ही के साथ पूरा किया जायेगा और कुछ खिलाड़ियों की वजह से हम टूर्नामेंट को आयोजित करना नहीं छोड़ सकते।