IPL 2022: सीएसके ने 3 सालों के लिये धोनी को किया रिटेन, केएल राहुल संभालेंगे इस टीम की कमान
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग का 15वां सीजन बड़ा होने जा रहा है, जिसमें 8 के बजाय 10 टीमें हिस्सा लेती नजर आयेंगी। टूर्नामेंट के बड़ा होने के साथ ही आईपीएल 2022 के लिये नीलामी भी काफी बड़ी होने जा रही है जिसकी तैयारियों में बीसीसीआई और फ्रैंचाइजियां लगी हुई हैं। अक्टूबर में हुई दो नई टीमों (अहमदाबाद और लखनऊ) की नीलामी के बाद से ही बीसीसीआई ने तैयारियां शुरू करते हुए खिलाड़ियों को रिटेन करने से संबंधित नियम जारी कर दिये थे, जिसके अनुसार कोई भी फ्रैंचाइजी अधितम 4 खिलाड़ी अपनी टीम में रिटेन कर सकती है, हालांकि इसमें विदेशी खिलाड़ियों की संख्या अधिकतम 2 ही रहेगी। वहीं नई टीमों के लिये ऑक्शन से पहले यह संख्या 3 रहेगी जिसमें वो रिलीज किये गये खिलाड़ियों में से 3 खिलाड़ी नीलामी से पहले चुन सकते हैं, हालांकि इसमें विदेशी खिलाड़ियों की संख्या एक है।
सभी टीमों को अपने रिटेन किये हुए खिलाड़ियों की लिस्ट 30 नवंबर तक आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल को सौंपनी है ताकि वो रिटेन और रिलीज किये हुए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर सकें। इसके बाद फ्रैंचाइजियों की ओर से रिलीज किये गये खिलाड़ी ऑक्शन पूल में अपना नाम देकर टूर्नामेंट का हिस्सा बन सकते हैं। इस बीच फ्रैंचाइजियों के लिये 4 खिलाड़ियों का चयन करना बड़ा सिरदर्द बना हुआ है तो वहीं पर एक सवाल जिसका जवाब हर फैन जानना चाहता है कि क्या सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को उनकी टीम रिटेन करेगी।
और पढ़ें: 'रन बनाना होगा वरना कतार लंबी है', हरभजन सिंह ने दी भारतीय कप्तान को चेतावनी

सीएसके ने 3 सालों के लिये किया रिटेन
ताजा रिपोर्टस के अनुसार आईपीएल 2022 के रिटेंशन के लिये चेन्नई सुपर किंग्स ने 3 खिलाड़ियों का चयन कर लिया है जबकि चौथे खिलाड़ी को लेकर विचार जारी है। रिपोर्ट के अनुसार सीएसके की टीम अपने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और हरफनमौला खिलाड़ी रविंद्र जडेजा को अगले 3 सालों के लिये रिटेन करने जा रही हैं। वहीं पर आईपीएल 2021 में टीम के लिये सबसे ज्यादा रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को भी रिटेन किया जायेगा। चौथे स्थान के लिये फ्रैंचाइजी मोइन अली को रिटेन करना चाहती है लेकिन अगर उनके साथ बात नहीं बनती है तो सीएसके की टीम सैम कर्रन को रिटेन करेगी। ऐसे में धोनी के रिटेंशन ने यह साफ कर दिया है कि वो फैन्स को अभी अगले 3 साल मैदान पर खेलते नजर आयेंगे, वहीं पर सुरेश रैना को टीम ऑक्शन पूल से दोबारा खरीदने की कोशिश करेगी।
उल्लेखनीय है कि महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2022 में खेलने को लेकर साफ किया था कि यह उन पर नहीं बीसीसीआई पर निर्भर है कि वो दो नई टीमों के आने के साथ वह रिटेन संबंधी किस तरह के नियम लागू करती है। ऐसे में हम वही करेंगे जो सीएसके के लिये सही होगा। हम अगले 10 सालों को देखते हुए टीम बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

पंजाब छोड़ लखनऊ की कप्तानी करेंगे केएल राहुल
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार पंजाब किंग्स के कप्तान और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल अगले सीजन में फ्रैंचाइजी से अलग हो रहे हैं और आईपीएल 2022 में पहली बार शामिल हो रही लखनऊ की टीम की कमान संभालने की तैयारी कर रहे हैं। आईपीएल 2022 में 2 नई टीमों के शामिल होने के बाद टीम मालिकों की नजर भारत के स्टार खिलाड़ियों पर है जो कि लीग में नेतृत्व कर सकें। रिपोर्ट के अनुसार राहुल ने लखनऊ की टीम के साथ करार के लिये हामी भर दी है।

दिल्ली कहेगी अय्यर को अलविदा, पंत रहेंगे कप्तान
वहींं इस रिपोर्ट में दिल्ली कैपिटल्स की भी बात की गई है जिसके अनुसार फ्रैंचाइजी ने आईपीएल 2022 के लिये ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ और साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्खिया को रिटेन करने का फैसला कर लिया है। इस बीच श्रेयस अय्यर की टीम से छुट्टी होने की बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार श्रेयस अय्यर टीम की कप्तानी करना चाहते थे लेकिन फ्रैंचाइजी ऋषभ पंत के साथ ही आगे बढ़ना चाहती है जिसके चलते बात नहीं बन सकी और अय्यर को रिलीज करने की तैयारी हो रही है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications