
आरसीबी से जुड़ने पर सुधर गया मैक्सवेल का प्रदर्शन
इरफान पठान का मानना है कि पिछले कई सीजन से खराब प्रदर्शन कर रहे ग्लेन मैक्सवेल ने आरसीबी का दामन थामने के बाद शानदार प्रदर्शन किया है और अब टीम उनसे हर मुश्किल परिस्थिति में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद रखेगी। ऐसे में अगर वो उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी देने के लिये जाती है तो शायद उन पर अतिरिक्त दबाव आ जायेगा और उनके प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिल सकती है।
उल्लेखनीय है कि ग्लेन मैक्सवेल को आरसीबी की टीम ने आईपीएल 2021 की नीलामी में 14.5 करोड़ की कीमत देकर अपने साथ जोड़ा और उन्होंने मध्यक्रम में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के लिये कई यादगार जीत हासिल की। वह आरसीबी के लिये सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने और 15 मैचों में 42.57 की औसत से 513 रन बनाये।

कप्तानी से बनेगा अतिरिक्त दबाव
अगर ग्लेन मैक्सवेल को कप्तानी के लिये कहा जाता है तो यह पहली बार नहीं होगा जब वो इस जिम्मेदारी को निभाते नजर आयेंगे। मैक्सवेल ने आईपीएल 2017 में भी पंजाब किंग्स की कमान संभाली थी तो वहीं पर बिग बैश लीग 2020-21 में मेलबर्न स्टार्स के लिये भी कप्तानी कर चुके हैं। मैक्सवेल को खेल के सबसे छोटे प्रारूप के महान खिलाड़ियों में से एक माना जाता है हालांकि वो ऑस्ट्रेलिया के लिये कप्तानी की भूमिका में अब तक नजर नहीं आये हैं।
स्टार स्पोर्टस से बात करते हुए पठान ने कहा,'मुझे लगता है कि आरसीबी को नीलामी में से किसी खिलाड़ी को कप्तान बनाना चाहिये, क्योंकि मेरे दिमाग में रिटेन किये जाने वाले जिन 4 खिलाड़ियों का नाम आ रहा है उन्हें कप्तानी नहीं मिलने वाली है। विराट को आरसीबी रिटेन करेगी लेकिन उन्होंने ही कप्तानी छोड़ी है, वहीं पर ग्लेन मैक्सवेल भी रिटेन किये जायेंगे लेकिन आप उन पर कप्तानी का दबाव नहीं डालना चाहेंगे क्योंकि वो खुलकर खेलने वाले खिलाड़ी हैं, आप नहीं चाहेंगे कि वो इस तरह की जिम्मेदारी संभाले जो उनके खुलकर खेलने पर रोक लगाये।'

30 नवंबर को हो जायेगा रिटेन लिस्ट का फैसला
गौरतलब है कि सभी टीमों के लिये रिटेन किये जाने वाले खिलाड़ियों का नाम जमा करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर है, जिस पर आईपीएल 2022 से जुड़ रही दो नई टीमों लखनऊ और अहमदाबाद की भी नजरें है। उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई ने नीलामी से पहले नई टीमों को नॉन रिटेन खिलाड़ियों में से 3-3 खिलाड़ी (अधिकतम एक विदेशी) चुनने का विकल्प दिया हुआ है।
आपको बता दें कि आरसीबी की टीम अगले सीजन के लिये एक ऐसे कप्तान की तलाश कर रही है जो कि न सिर्फ कोहली की कमी को पूरा कर सके बल्कि टीम में इतने दिग्गज नाम होने के बावजूद किसी भी प्रकार का विवाद पैदा न होने दे।


Click it and Unblock the Notifications
