नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का दूसरा प्लेऑफ मैच रविवार को अबुधाबी के मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया, जिसमें दिल्ली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद की टीम को 17 रनों से हरा दिया और आईपीएल के 13 सालों के इतिहास में पहली बार फाइनल में जगह बनाने का काम किया। आईपीएल के इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स को छोड़कर लगभग सभी टीमें फाइनल मैच खेल चुकी हैं लेकिन यह पहली बार है जब दिल्ली की टीम को फाइनल का टिकट मिला है।
अबुधाबी के मैदान पर खेले गये इस मैच में दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 189 रनों का स्कोर खड़ा किया था जिसका पीछा करते हुए आरसीबी की टीम 172 रन ही बना सकी। हालांकि रनों का पीछा करते हुए केन विलियम्सन ने शानदार पारी खेली और अपनी टीम को उस मुकाम पर ला खड़ा किया जहां पर सनराइझर्स हैदराबाद की टीम को लगभग जीत हासिल हो गई थी।
और पढ़ें: IPL Qualifier 2: 13 साल में पहली बार फाइनल में पहुंची दिल्ली, हैदराबाद को 17 रनों से हराया
केन विलियम्सन ने हैदराबाद के लिये खेलते हुए 45 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से 67 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही विलियम्सन के नाम एक बड़ा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। केन विलियम्सन ने अपनी इस पारी के साथ ही अपना नाम एक खास लिस्ट में शामिल करवा लिया।
वह आईपीएल में एक सीजन के दौरान नॉकआउट गेम्स में 2 अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शुमार हो गये हैं। ड्वेन स्मिथ साल 2013 में यह कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बनें, तो वहीं सुरेश रैना 2014 में ऐसा करने वाले दूसरे खिलाड़ी बनें। लेंडल सिमंस ने 2015, डेविड वॉर्नर ने 2016 में, शेन वॉटसन ने 2019 में और केन विलियम्सन ने 2020 में यह कारनामा किया।
और पढ़ें: IPL Qualifier 2: हैदराबाद के खिलाफ जमकर बरसे शिखर धवन, नाम किये कई रिकॉर्ड
गौरतलब है कि केन विलियम्सन पारी के 17वें ओवर में मार्कस स्टॉयनिस का शिकार बनें जिसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम संभल नहीं सकी और 17 रनों से मैच को हार गई। दिल्ली कैपिटल्स के लिये कगिसो रबाडा ने 4 विकेट हासिल किये और मार्कस स्टॉयनिस ने 3 विकेट झटकने का काम किया।