
नीशम ने यूरो कप के जरिये 2019 विश्व कप फाइनल पर साधा निशाना
भले ही आईसीसी ने इस मैच के बाद बाउंड्री काउंट नियम को हटा दिया है लेकिन इस बेकार नियम के चलते न्यूजीलैंड की टीम और कीवी खिलाड़ियों को विश्वकप से हाथ धोना पड़ा जिसके वो पूरे हकदार थे। इंग्लैंड को विजेता घोषित करने पर कई कीवी खिलाड़ी निराश थे और ऐसा लग रहा है कि हरफनमौला खिलाड़ी जिम्मी नीशम अब तक उस बात को भूल नहीं सके हैं। ऐसे में जब यूरो कप 2020 के फाइनल में इंग्लैंड को हार मिली तो इस खिलाड़ी ने पेनाल्टी शूट आउट का सहारा लेते हुए बाउंड्री काउंट नियम पर निशाना साधा। दरअसल इंग्लैंड और इटली के बीच खेले गये इस मैच में 1-1 से स्कोर बराबर रहने के बाद पेनाल्टी शूट आउट से विजेता का फैसला किया गया जिसमें इटली की टीम ने 3-2 से इंग्लैंड पर जीत हासिल की।

इंग्लैंड के जले पर छिड़का नमक
ट्विटर के जरिये जिम्मी नीशम ने तंज कसते हुए सुझाव दिया कि यूरो कप के फाइनल का विजेता शूट आउट के बजाय किस टीम ने ज्यादा पास किये हैं के आधार पर करना चाहिये। हालांकि नीशम के ट्वीट करने के कुछ देर बाद ही फैन्स ने ट्वीट का असल मतलब निकाल लिया और बता दिया कि नीशम का इशारा किस ओर है।
नीशम ने लिखा,'पेनाल्टी शूटआउट के जरिये विजेता का फैसला क्यों किया जाता है, इसके बजाय किस टीम ने ज्यादा पास किये उसे विजेता घोषित क्यों नहीं करते हैं।' नीशम ने ट्वीट के अंत में मजाक लिखा लेकिन असल में वो बाउंड्री काउंट नियम पर निशाना साध रहे थे। उनके ट्वीट पर कुछ ही देर पर कमेंटस की बाढ़ आ गई।

फाइनल में किया था जबरदस्त प्रदर्शन
गौरतलब है कि जेम्स नीशम ने इस फाइनल मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन किया था और बल्लेबाजी करते हुए 19 रनों की पारी खेली थी जिसके दम पर कीवी टीम सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में कामयाब हो गई। इतना ही नहीं नीशम ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया और कप्तान इयोन मोर्गन समेत इंग्लैंड के तीन खतरनाक बल्लेबाजों का विकेट हासिल किया। आपको बता दें कि सुपरओवर में जब कीवी टीम को जीत के लिये 16 रन की दरकार थी तो नीशम बल्लेबाजी के लिये भी गये थे। जोफ्रा आर्चर की दूसरी ही गेंद पर नीशम ने बड़ा छक्का लगाया था कीवी टीम के खेमे में जीत की उम्मीद भर दी थी। हालांकि बाउंड्री काउंटी नियम ने कीवी टीम को जीत का सुख नहीं लेने दिया।


Click it and Unblock the Notifications
